उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू मरीजों का आंकड़ा 400 के पार, महिलाओं के मुकाबले पुरुष ज्यादा संक्रमित

उत्तराखंड में सीजनल बीमारियों के बीच सीजनल इन्फ्लुएंजा के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. वर्तमान स्थिति यह है कि पिछले 24 घंटे के भीतर स्वाइन फ्लू के 25 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से अकेले देहरादून जिले में 11 मामले और अन्य जिलों में 14 मामले सामने आए हैं. दिलचस्प बात ये है कि महिलाओं के मुकाबले पुरुष स्वाइन फ्लू से ज्यादा संक्रमित हैं.

खास बात ये है कि प्रदेश भर में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 408 हो गया है. हालांकि, 324 मरीज स्वाइन फ्लू से ठीक हो चुके हैं जबकि 82 मरीजों का इलाज जारी है. हालांकि, स्वाइन फ्लू की वजह से अभी तक 2 मरीजों की मौत हो चुकी है. स्वाइन फ्लू के अलावा, डेंगू और कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है.

प्रदेश में तेजी बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंताओं को और अधिक बढ़ा दिया है. चिंता की बात ये है कि स्वाइन फ्लू की चपेट में सबसे अधिक छोटे बच्चे और बुजुर्ग आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अभी प्रदेश में 408 स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं. इनमें से 66 मरीज, 1 से 10 साल तक के बच्चे हैं. इसके साथ ही 11 से 20 साल के 31 बच्चे, 21 से 30 साल के 41 मरीजों, 31 से 40 साल के 34 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है.

41 से 50 साल के 44 मरीजों, 51 से 60 साल के 67 मरीजों, 61 से 70 साल के 70 मरीजों, 71 से 80 साल के 42 मरीजों और 81 से 90 साल के 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है. यही नहीं, महिलाओं के मुकाबले पुरुष ज्यादा स्वाइन फ्लू की चपेट में आ रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार, कुल स्वाइन फ्लू के 408 मरीजों में से 184 महिला और 224 पुरुष मरीज शामिल हैं.