बदरीनाथ: तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाने के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत

बदरीनाथ धाम में तप्त कुंड में स्नान के दौरान राजस्थान से आईं दो बुजुर्ग महिला तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई. दोनों महिलाएं लगातार डुबकी लगाने के दौरान बेहोश हो गई थीं. उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

बदरीनाथ थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि राजस्थान से यात्रियों का दल चार सितंबर को बदरीनाथ धाम पहुंचा था. शुक्रवार सुबह करीब चार महिलाएं और एक पुरुष तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचे. स्नान करने के बाद पुरुष मंदिर की ओर चला गया, जबकि चारों महिलाएं तप्त कुंड में डुबकी लगाने लगीं.

बताया गया कि महिलाएं तप्त कुंड में 108 बार डुबकी लगाने की धार्मिक परंपरा के तहत लगातार स्नान कर रही थीं. इसी दौरान दो महिलाएं अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं. मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

हादसे के बाद धाम में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों महिलाओं की हालत गंभीर हो चुकी थी. पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ. दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थी. इसी दौरान दोनों कुंड के अंदर बेहोशी की हालत में मिलीं. आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और मंदिर प्रशासन को दी. मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई.

मृतकों की पहचान 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन और 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर के रूप में हुई है. दोनों राजस्थान की रहने वाली थीं और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए आई थीं. घटना की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है. बदरीनाथ धाम में सुबह के समय हुई इस घटना से यात्रियों में खबलबली मच गई है. तप्त कुंड में स्नान के दौरान बुजुर्ग और अस्वस्थ यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.