उत्तराखंड में दो दिन का ऑरेंज अलर्ट, आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी; अलर्ट मोड पर प्रशासन

उत्तराखंड में रविवार को प्रदेश के कई जिलों में आई आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बाद सोमवार यानी आज भी राहत के कोई आसार नहीं हैं. मौसम विभाग ने आज और कल मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है, जिसे देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने कमर कस ली है.

रविवार शाम को ही सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ आपात बैठक बुलाई और जमीनी हालात का पूरा जायजा लिया. बैठक में एक-एक जिले से स्थिति की जानकारी ली गई और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए.

मौसम विभाग के मुताबिक आज सोमवार को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ा रह सकता है. वहीं कल मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए अलर्ट जारी है.

इन दोनों दिनों में आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. ऐसे में खुले में निकलना खतरे से खाली नहीं.

सचिव विनोद कुमार सुमन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगले दो दिन मौसम विभाग की चेतावनियों को हल्के में न लें. जरूरी काम न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें, पहाड़ी और नदी किनारे वाले इलाकों से दूर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है.