कोटा श्रीनिवास राव के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, दिवंगत अभिनेता की याद में लिखा भावुक पोस्ट

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का आज, 13 जुलाई को हैदराबाद स्थित उनके आवास पर निधन हो गया है. उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है. साथ ही पीएम ने उन्हें एक अभिनेता और राजनेता के रूप में उनकी प्रतिभा और उदारता की सराहना की. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री पवन कल्याण, चिरंजीवी, अल्लू अरविंद और अन्य तेलुगु सितारों ने भी सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया.

श्रीनिवास राव के निधन की खबर सुन पीएम मोदी ने रविवार को अपने ऑफिशियल एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक नोट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अभिनेता के निधन पर शोक जताते हुए उनके प्रतिभा की प्रशंसा की. पीएम ने अपने पोस्ट में लिखा है, ‘कोटा श्रीनिवास राव गारू के निधन से व्यथित हूं. उन्हें उनकी सिनेमाई प्रतिभा और बहुमुखी प्रतिभा के लिए याद किया जाएगा.’

राव के प्रतिभा की सराहना करते हुए पीएम ने आगे लिखा है, ‘उन्होंने अपने शानदार अभिनय से विभिन्न पीढ़ियों के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया. वे समाज सेवा में भी हमेशा आगे रहे और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया. उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना. ॐ शांति.’

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे तेलुगु फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति बताया.एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा है, ‘प्रसिद्ध अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन, जिन्होंने अपनी बहुमुखी भूमिकाओं से सिनेमा दर्शकों का प्यार जीता, बेहद दुखद है. लगभग चार दशकों में सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में उनका कलात्मक योगदान और उनके द्वारा निभाई गई भूमिकाएं अविस्मरणीय रहेंगी. खलनायक और चरित्र कलाकार के रूप में उनके द्वारा निभाई गई कई यादगार भूमिकाएं हमेशा तेलुगु दर्शकों के दिलों में अंकित रहेंगी.’

कोटा श्रीनिवास की मृत्यु की खबर फैलते ही कई राजनीतिक नेता, फिल्मी सितारे और करीबी मित्र उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनके निवास पर पहुंचे. टॉलीवुड मेगास्टार चिरंजीवी से लेकर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण तक, कई लोगों ने राव के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.