एक की मौत, 4 की हालत गंभीर; 11 हजार वोल्ट की लाइन ठीक करते वक्त हादसा

राजधानी देहरादून में पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत चल रहे बिजली कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास बिजली का खंभा लगाते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य कर्मचारियों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतक और झुलसे हुए सभी यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं. जानकारी के अनुसार रविवार को ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का काम चल रहा था. कंपनी के अधीन काम करने वाले कर्मचारी खंभा लगा रहे थे. इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया.

इससे खंभे में करंट फैल गया और पांच कर्मचारी झुलस गए. करंट इतना तेज था कि एक कर्मचारी उमेश कुमार निवासी अमरोहा, यूपी की मौके पर ही मौत हो गई. पप्पू, जसमान सहित चार कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए. मौके से सभी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चार कर्मचारियों का इलाज चल रहा है. यह कर्मचारी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे और आरडीएसएस योजना में खंभा लगा रहे थे.

सभी कर्मचारी पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास काम कर रहे थे. मृतक उमेश कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. सभी लोग यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं. घटना रविवार को हो गई थी, लेकिन मीडिया को इसका पता आज चला है. पुलिस का कहना है कि किसी की ओर से मुकदमा नहीं लिखवाया गया.