मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले दिया जीत का गुरूमंत्र

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में 5 विकेट से इंग्लैंड ने भारत को हराया और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. इस हार पर भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने खुलकर बात करते हुए टीम की कमियों को उजागर किया है. इसके साथ ही आगे आने वाले मैचों के लिए भी क्या प्लान होना चाहिए वो भी बताया है.

मोहम्मद शमी ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘हम इंडियन टीम की पहली पारी की बॉलिंग की बात करे तो वहां पर बॉलिंग अच्छी रही. भारत स्कोर को डिफेंड कर पाया और 6 रनों की लीड हासिल कर ली. जसप्रीत बुमराह सबसे आगे, सबसे पहले नजर आए. वो हमेशा अपनी स्किल दिखाते आए हैं अपने नाम का लोहा मनवाते हुए नजर आए हैं.

शमी ने आगे कहा, ‘हम बॉलिंग की बात करें तो मुझे लगता है कि फुल पैकेज नजर नहीं आया. बुमराह का साथ देने के लिए जो बॉलिंग का पैकेज होना चाहिए था वो भारत के पास नहीं था. उन्हें साथ मिलता तो भारत की लीड और ज्यादा होती. इंग्लैंड के पास दूसरी पारी में भी विशाल रनों का स्कोर था. बेन डकेट और जैक क्रॉली पर भारतीय बॉलर्स का कोई दबाव नजर नहीं आ रहा था’.

शमी ने कहा, ‘हम दूसरी पारी में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की बॉलिंग की बात करें तो वो कोई खास प्रभाव नहीं दिखा पाई. इस बार बुमराह को विकेट नहीं मिला, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि बाकी फास्ट बॉलर्स को कुछ न कुछ करना चाहिए था. हमारे बॉलर्स महंगे साबित हुए जिसके कारण परिणाम उनके तरफ चला गया. बॉलिंग और बेहतर होती तो हम इस मैच को ड्रॉ कर सकते थे. वो हमारे लिए बेहतर होता’.

शमी ने दूसरे टेस्ट से पहले इंडिया को सावधान करते हुए कहा, ‘अब इंग्लैंड 1-0 से आगे है लेकिन हमें बहुत सारी चीजों पर ध्यान देना होगा. कुछ अच्छी चीजें रहीं लेकिन कुछ ऐसे चीजें भी थी जिस पर हमें काम करना होगा. जैसे कि हम फील्डिंग की बात करें तो काफी कैच छूटे हैं जिस पर ध्यान देना होगा. इस स्तर पर आप इतनी मिसफील्ड और कैच नहीं टपका सकते. बॉलिंग की बात करें तो बुमराह से बाकी बॉलर्स को बात करनी चाहिए उनका तरीका जानना चाहिए और किस तरह से हम बॉलिंग कर सकते हैं. बल्लेबाज को आउट करने की प्लानिंग में बुमराह से उन्हें बात करनी चाहिए’.

शमी ने सीरीज के लिए आगे की प्लानिंग को लेकर बात करते हुए कहा, ‘ हमारे लिए सबसे अच्छी बात रही के एक मैच में ही पांच 100 लगे हैं. हमें बॉलिंग पर काम करना होगा. हमें अब जो सोचना है वो फील्डिंग और बॉलिंग को लेकर सोचना है. बुमराह का साथ देना होगा क्योंकि नई बॉल से टेस्ट मैच में विकेट निकालना बहुत जरूरी है. हमें बॉलिंग यूनिट पर काम करना होगा. अब 4 मैच बाकी है, हम कमबैक कर सकते हैं’.