देहरादून में फोटो लेमिनेशन की दुकान में लगी भीषण आग, आसमान छूती दिखीं आग की लपटें

राजधानी देहरादून का दिल कहे जाने वाले घंटाघर के नजदीक चकराता रोड पर दुकान में भीषण आग लग गई. ये फोटो लेमिनेशन की दुकान है. भीषण आग लगने से दुकान में रखी मशीन और अन्य सामान जलकर खाक हो गए. दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए.

दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग काबू पाया. दमकल विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से लगना लग रहा है. दुकान में आग लगने की ये घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है.

प्रत्यदर्शियों के अनुसार आग लगते ही दुकान से तेज लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगे. धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था. दुकान में आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया. दमकल कर्मियों ने युद्ध स्तर पर आग बुझाने का अभियान शुरू किया. आग आसपास की दुकानों तक न फैले इसके लिए पानी की बौछार की गई. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया.