देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र स्थित अटलांटिस हॉस्टल में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के 19 वर्षीय छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी जिसका शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और उसे कोरोनेशन भेज दिया। पुलिस के मुताबिक़ शव काफी अकड़ा हुआ था जिससे आशंका है कि छात्र ने काफी समय पहले फांसी लगाई थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कमरे में पंखे से लटका मिला छात्र पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान निखिल कुमार सिंह (19) पुत्र राजेश कुमार सिंह निवासी रायपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। वह ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था। सोमवार को हॉस्टल वार्डन की सूचना पर पुलिस टीम अटलांटिस हॉस्टल पहुंची जहां छात्र का शव अपने कमरे में पंखे से लटका मिला।
शव अकड़ा हुआ था, फील्ड यूनिट को बुलाया पुलिस ने घटनास्थल पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस के अनुसार शव काफी अकड़ा हुआ था। इससे अनुमान लगाया गया कि छात्र ने काफी समय पहले फांसी लगाई होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
परिजनों को सूचना, मंगलवार को पोस्टमार्टम पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है और शव को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है। रात होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई अगले दिन की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला सामने आया है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह और छात्र के इस कदम के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
