युवराज सिंह से उर्वशी रौतेला तक, सट्टेबाजी ऐप मामले में ED किन सेलेब्रिटीज को भेजा समन?

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह को अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत समन जारी किया है. इतना ही नहीं ईडी यूजर्स को ठगने और धन शोधन करने वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की अपनी जांच का दायरा भी बढ़ा रही है.

एजेंसी के अनुसार पूर्व में प्रतिबंधित किए गए ये ऐप्स सालों से नाम बदलकर और मशहूर हस्तियों द्वारा प्रचारित होकर काम करते रहे हैं. इस मामले में चल रही जांच में क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा का नाम हाल ही में जुड़ा है.

दाएं हाथ के बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को अपना बयान दर्ज कराने के लिए 22 सितंबर को ईडी मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है. वहीं, युवराज सिंह को 23 सितंबर को एजेंसी के सामने पेश होना हैं. बता कि इस मामले में अब तक सोनू सूद, उर्वशी रौतेला और शिखर धवन समेत कई सेलेब्रिटीज को समन भेजे जा चुके हैं.

प्रकाश राज को मिला समन
सट्टेबाजी ऐप मामले में ईडी ने एक्टर प्रकाश राज को भी तलब किया था. वह 30 जुलाई को ईडी के सामने पेश हुए और उनसे चार घंटे तक पूछताछ की गई. पूछताछ के बाद, उन्होंने पत्रकारों को बताया कि हालांकि उन्होंने 2016 में यह काम किया था, लेकिन नैतिक आधार पर उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया.
विजय देवरकोंडा
अभिनेता विजय देवरकोंडा इसी मामले में 6 अगस्त को ईडी के सामने पेश हुए. बाद में उन्होंने प्रेस के सामने अपना रुख स्पष्ट करते हुए जोर दिया कि उन्होंने केवल A23, एक कानूनी गेमिंग ऐप, का प्रचार किया था, न कि किसी सट्टेबाजी प्लेटफ़ॉर्म का.
सोनू सूद
हिंदी फिल्मों में अपनी दमदार भूमिकाओं के लिए मशहूर अभिनेता सोनू सूद को अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े एक मामले में ईडी ने तलब किया है.
शिखर धवन
पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन को ईडी ने 4 सितंबर को तलब किया और इस मामले में पूछताछ की. 39 वर्षीय क्रिकेटर पर विज्ञापनों के जरिए अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े होने का संदेह है.
सुरेश रैना
शिखर धवन से पहले सुरेश रैना को 13 अगस्त को ईडी ने तलब किया था, जहां जांच एजेंसी ने उनसे मामले में उनकी कथित संलिप्तता के बारे में 8 घंटे तक पूछताछ की थी.

उर्वशी रौतेला
अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी सट्टेबाजी ऐप मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिमी चक्रवर्ती की ही तरह ईडी ने तलब किया था.

यह जांच कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से संबंधित है, जिनके बारे में कहा जाता है कि उन्होंने कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की है या भारी मात्रा में टैक्स चोरी किया है. ईडी इन ऐप्स का समर्थन करने वाले मशहूर हस्तियों की जांच कर रहा है. ताकि उनके वित्तीय लेन-देन और इन प्लेटफ़ॉर्म की गतिविधियों के बारे में जागरूकता का पता लगाया जा सके.

एएनआई के अनुसार व्यापक जांच उन विभिन्न मशहूर हस्तियों और प्रभावशाली लोगों पर केंद्रित है, जिन्होंने इन प्लेटफ़ॉर्म का प्रचार किया. इन प्लेटफ़ॉर्म पर कथित टैक्स चोरी और निवेशकों को ठगने का संदेह है, और इसमें अभिनेताओं और क्रिकेटरों सहित अन्य प्रमुख हस्तियां भी शामिल हैं.

यह मामला भारत में संचालित एक कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफ़ॉर्म 1xBet से जुड़ा है, जिस पर मनी लॉन्ड्रिंग, टैक्स चोरी और अपने एल्गोरिदम में हेराफेरी करने का संदेह है. कंपनी के अनुसार, 1xBet एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त बेटिंग है, जिसका बेटिंग इंडस्ट्री में 18 वर्षों का अनुभव है. कंपनी के अनुसार, इस ब्रांड के ग्राहक हज़ारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं और कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं.

अनुमान है कि ऐसे विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के लगभग 22 करोड़ भारतीय यूजर्स हैं, जिनमें से आधे (लगभग 11 करोड़) नियमित यूजर्स हैं. विशेषज्ञों के अनुसार भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप का बाजार 100 अरब डॉलर से अधिक का है और 30 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है.

सरकार ने हाल ही में संसद को बताया कि उसने 2022 से जून 2025 तक ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने के लिए 1,524 आदेश जारी किए हैं.