बदरीनाथ धाम के साथ अब हेमकुंड साहिब यात्रा भी शुरू हो चुकी है. यात्रा के इस रूट पर जाम ने श्रद्धालुओं की समस्या को बढ़ा दिया है. जोशीमठ से मारवाड़ी तक बीते चार दिनों से भीषण जाम लग रहा है. जिससे चारधाम यात्रियों के साथ हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा. जोशीमठ के जीरो बैंड से लेकर मारवाड़ी तक करीब 8 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सड़क संकरी होने के कारण दिनभर और देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही. बढ़ती भीड़ और लगातार वाहनों के दबाव ने पुलिस और प्रशासन के भी पसीने छुड़ा दिए. अब प्रशासन ने इस समस्या से निपटने के लिए गेट सिस्टम और वन-वे व्यवस्था लागू कर दी है.जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
बताया जा रहा है कि जोशीमठ के पेट्रोल पंप से लेकर मारवाड़ी तक अब गेट सिस्टम लागू कर दिया गया है. इसके तहत एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों को छोड़ा जाएगा. जबकि दूसरी दिशा के वाहनों को रोका जाएगा. आधे-आधे घंटे के अंतराल में दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी.
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी. यात्री बिना रुकावट बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा कर सकेंगे. पिछले तीन दिनों के जाम ने यात्रियों की हालत खराब कर दी थी. कई वाहन सड़क किनारे गड्ढों में फंस गए तो कई जगह लंबी कतारों में खड़े रहे. यात्रियों को खाने-पीने और जरूरी सामान तक के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा था.
अब पुलिस और प्रशासन मौके पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं. जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो. बढ़ती यात्रा भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था फिलहाल राहत भरा कदम मानी जा रही है.
