देहरादून में बारिश के तेज बहाव में बह गई क्रेटा गाड़ी, दो शव बरामद; एक युवती को SDRF ने बचाया

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बरसाती नाले में एक क्रेटा गाड़ी बह गई। गाड़ी में तीन लोग सवार थे, इनमें से दो की मौत होने की जानकारी मिल रही है। वहीं एक युवती को एसडीआरएफ की टीम ने बारिश के बीच रात में ही अभियान चलाकर रेस्क्यू कर बचा लिया।

हादसे में जान गंवाने वाला युवक राजस्थान का बताया जा रहा है। जबकि युवती की पहचान नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि तीनों देहरादून घूमने आए थे, इसी दौरान बरसात के तेज बहाव में गाड़ी बह गई। एसडीआरएफ ने दो किमी दूर से युवती को रेस्क्यू कर बचा लिया।देहरादून में बीते कई दिनों से भारी बारिश का क्रम जारी है। जिससे बरसाती नालों में पानी आ रहा है। बारिश के बीच प्रेमनगर के पौंधा में देर रात एक हादसा हो गया। एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास क्रेटा वाहन RJ 13 CE 5641 के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली।

सूचना पर SDRF टीम डाकपत्थर मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा तत्काल सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। क्रेटा वाहन में 01 युवक एवं 02 युवतियां सवार थे। SDRF टीम द्वारा रात में विपरीत परिस्थितियों के बीच सर्चिंग अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से लगभग 02 किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सर्चिंग के दौरान वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान एवं एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया। SDRF टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रतिकूल परिस्थितियों एवं तेज बरसाती बहाव के बावजूद SDRF जवानों द्वारा पूरी रात लगातार रेस्क्यू एवं सर्चिंग कार्य किया गया।