पौड़ी जिले से हादसे की खबर सामने आ रही है। श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत खिर्सू मोटर मार्ग पर एक बाइक और मैक्स वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। जिसके चलते बाइक और चौपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरे। हादसे में कई लोग घायल बताये जा रहे हैं ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्वाड और खिरसू के बीच एक वाहन और एक मोटरसाइकिल सवार के बीच टक्कर हो गई, जिसके चलते दोनों ही वहां खाई में जा गिरे। यह सूचना मिलते ही, पुलिस की एक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक और मैक्स वाहन की टक्कर हो गई, फिर दोनों सड़क से नीचे खाई में गिर गई।हादसे में बाइक सवार समेत आठ लोग घायल बताये जा रहे हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घायलों की पहचान गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55), गौतम सिंह (26) निवासी पैठाणी, गजेन्द्र सिंह (42) निवासी पाबौ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, समय पर रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
