संपत्ति विवाद में आश्रम बना जंग का अखाड़ा, रात के अंधेरे में संत के साथ मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक आश्रम में संत के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. मारपीट की घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि आश्रम की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में यह मारपीट हुई है. दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, उत्तरी हरिद्वार स्थित कमलदास कुटिया में आश्रम की संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है. कुछ दिन पहले आश्रम के मुख्य महंत ओमप्रकाश शास्त्री ने अपने एक शिष्य शिव प्रकाश महाराज की चादरपोशी की. इसके बाद बीती 24 अगस्त की रात को कुछ लोग आश्रम में आए और महंत ओमप्रकाश शास्त्री से बातचीत कर रहे थे. इसी बीच दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आश्रम में बैठे एक पक्ष के लोगों ने शिव प्रकाश महाराज के साथ मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते आश्रम जंग का मैदान बन गया.

यह वारदात आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कुछ लोग एक संत को पीटते हुए नजर आ रहे हैं. वहीं मुख्य महंत ओमप्रकाश शास्त्री समेत कुछ लोग बीच बचाव करने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं. इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की.

इस मामले में महंत ओमप्रकाश शास्त्री का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि, उन्होंने अपने शिष्य शिव प्रकाश को चेला बना दिया. लेकिन दूसरा पक्ष इस बात से नाराज हो गया. रात के समय उन्होंने आश्रम में आकर लड़ाई झगड़ा करने लगे. पुलिस से मांग है कि इस मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए.

वहीं शिष्य शिव प्रकाश महाराज ने भी पुलिस को लिखित शिकायत देकर आश्रम में घुसकर मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है.