केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, चीरबासा में पत्थर गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत, रास्ते में फंसे 1100 यात्रियों का रेस्क्यू

उत्तराखंड: केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के समीप रविवार शाम पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक पांच वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम ने बच्चे को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर (जंगलचट्टी) पहुंचाया. वहीं रास्ते में फंसे 1100 यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है.

पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार, 27 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:39 बजे चीरबासा क्षेत्र में लैंडस्लाइड की सूचना प्राप्त हुई. बताया गया कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने की चपेट में आने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

सूचना मिलने के बाद मार्ग पर तैनात रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक बच्चे को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यश पुत्र रोहताश यादव, उम्र पांच वर्ष, निवासी एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है.

केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना ने यात्रा मार्ग की संवेदनशीलता को एक बार फिर सामने ला दिया है. लगातार बारिश के बीच इस क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. प्रशासन एवं रेस्क्यू टीमें यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मौके पर तैनात हैं.

केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा क्षेत्र में रविवार को मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया. घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू कर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की. जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू टीमों द्वारा अब तक करीब 1100 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.