हाल ही में खत्म हुई इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को आईसीसी की तरफ से बड़ा इनाम मिला है. उन्हें जुलाई महीने के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है. इस लड़ाई में गिल के अलावा इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर वियान मुल्डर भी शामिल थे. बता दें कि यह गिल का चौथा प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है, इससे पहले उन्होंने इस साल फरवरी में और जनवरी, सितंबर 2023 में यह सम्मान जीता था.
25 वर्षीय शुभमन गिल ने जुलाई में शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में 94.50 की शानदार औसत से 567 रन बनाए, जिसमें छह मैचों में एक दोहरा शतक और दो शतक शामिल है. खास बात ये है कि ये गिल का कप्तान के रूप में पहला इंग्लैंड दौरा था. उन्होंने कहा कि यह सम्मान पाना उनके लिए एक बड़ा सम्मान है.
ये सम्मान मिलने के बाद गिल ने कहा, ‘जुलाई के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुने जाने पर बहुत अच्छा लग रहा है. इस बार यह और भी ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पुरस्कार मुझे कप्तान के रूप में मेरी पहली टेस्ट सीरीज के दौरान मेरे प्रदर्शन के लिए मिला है. बर्मिंघम में लगाया गया दोहरा शतक निश्चित रूप से मेरे लिए हमेशा याद रहेगा और यह मेरे इंग्लैंड दौरे के सबसे यादगार पलों में से एक होगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज कप्तान के रूप में मेरे लिए सीखने का एक अनुभव रही और दोनों टीमों ने कुछ बेहतरीन प्रदर्शन किए, जिन्हें मुझे यकीन है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी लंबे समय तक याद रखेंगे. मैं इस पुरस्कार के लिए मुझे चुनने के लिए ज्वरी का और इस रोमांचक सीरीज के दौरान मेरे साथ रहे मेरे साथियों का धन्यवाद करना चाहता हूं.’
