गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को दून के गांधी पार्क से घंटाघर तक जनप्रतिनिधियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं बच्चों संग तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारत माता, स्वाधीनता सेनानियों, शहीद सैनिकों, वीरांगनाओं एवं भारत के महान सपूतों के प्रति आभार व्यक्त करने का सुअवसर है। सीएम धामी गांधी पार्क से हाथ में तिरंगा लेकर ‘भारत मां की जय, वंदे मातरम की गूंज के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। सीएम ने उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए विशेषकर युवाओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ भी किया।

राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के बीच मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। सीएम ने युवाओं का अभिनंदन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी। तिरंगा यात्रा देख लग रहा था कि दून की सड़कों पर पूरा दून उमड़ पड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से आग्रह किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर, प्रतिष्ठान, कार्यस्थल और संस्थानों पर तिरंगा पूर्ण सम्मान एवं गौरव के साथ फहराएं। स्वाधीनता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर सेनानियों का स्मरण कर नमन करें। मौके पर राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, भाजपा संगठन मंत्री अजेय कुमार, पुनीत मित्तल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, विशाल शर्मा, लक्ष्मी अग्रवाल, जयदीप वाल्मिकी मौजूद थे।