जॉर्जिया में कमाल करेगा उत्तराखंड का लाल रोहित यादव, वुशु में दिखाएगा दम

वुशु खिलाड़ी रोहित यादव को जॉर्जिया में बूटामी ओपन इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है. यह प्रतियोगिता एक अगस्त से 6 अगस्त तक जॉर्जिया के बूटामी शहर में आयोजित की जाएगी. रोहित बुधवार को हल्द्वानी से दिल्ली के लिए रवाना हुए.

हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में वुशु खिलाड़ी रोहित यादव ने बताया कि वह बीते छह वर्षों से वुशु खेल का नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं. राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक भी जीत चुके हैं. रोहित के कोच और मार्गदर्शक महेन्द्र सिंह भाकुनी ने कहा कि रोहित का अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन होना उनके लिए अत्यंत गर्व की बात है. रोहित ने कहा इस खेल के लिए होता उत्तराखंड से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. उनका प्रयास है कि निश्चित ही वह गोल्ड मेडल जीत कर उत्तराखंड के साथ देश का नाम रोशन करें. उन्होंने भरोसा जताया कि गोल्ड मेडल जीतकर ही लौटेंगे.

उन्होंने बताया वुशु एक पारंपरिक चाइनीज मार्शल आर्ट है. जिसे भारतीय ओलंपिक संघ और खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है. राष्ट्रीय खेल में भी इस खेल में खिलाड़ियों ने कई मेडल जीते हैं. कोच भाकुनी ने बताया कुछ महीने पहले भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था. इसके बाद देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित ट्रायल में लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया. जिनमें से सिर्फ तीन उत्तराखंड के खिलाड़ी चुने गए हैं. रोहित यादव इनमें से एक हैं. उत्तराखंड के चयनित खिलाड़ियों में रोहित यादव के साथ साथ देहरादून के हर्षित शर्मा और मौलिकता भी शामिल हैं.रोहित यादव के चयन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है. अब सभी की निगाहें जॉर्जिया में होने वाली इस प्रतियोगिता पर टिकी हैं. उम्मीद है कि रोहित अपने दमदार प्रदर्शन से देश के लिए पदक जीतकर लौटेंगे.

वशु खेल एक चीनी मार्शल आर्ट है, जो एक प्रदर्शनकारी और पूर्ण-संपर्क खेल है.इसमें पारंपरिक चीनी मार्शल आर्ट की तकनीकों का उपयोग किया जाता है. वुशू एक लोकप्रिय खेल है जो दुनिया भर में खेला जाता है, और यह न केवल शारीरिक फिटनेस और कौशल में सुधार करता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्म नियंत्रण भी सिखाता है. इसको राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेलों में भी शामिल किया गया है.