ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में उत्तराखंड ने झटके 16 मेडल

 अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता 2025 के दूसरे दिन उत्तराखंड की झोली में 14 मेडल गिरे. इसके साथ ही कुल 16 मेडल अपने नाम कर लिए है. प्रदेश के खिलाड़ियों ने वेट लिफ्टिंग, साइकलिंग और शूटिंग में यह पदक जीते हैं. हालांकि, छत्तीसगढ़ ने इस मामले में सभी राज्यों को काफी पीछे छोड़ते हुए मेडल्स की बौछार लगाई है. छत्तीसगढ़ ने दूसरे दिन भी पहला स्थान बरकरार रखते हुए 41 मेडल हासिल किए.

देहरादून में आयोजित 28वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में दूसरे दिन खिलाड़ियों ने अपने राज्य के लिए जमकर मेडल जीते. उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मैदान पर ताकत लगाते हुए प्रदेश के लिए कुल 16 मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की. इसमें उत्तराखंड को अब तक 3 स्वर्ण पदक मिल चुके हैं. इसी तरह 9 रजत और 4 कांस्य पदक भी उत्तराखंड के खिलाड़ी जीत चुके हैं.

उत्तराखंड के लिए गोल्ड मेडल जीतने वालों में वेटलिफ्टिंग महिला वर्ग में सोनम फर्स्वाण और सावित्री गिरी का नाम शामिल है. इसके अलावा अजय सिंह कंडारी ने निशानेबाजी में रजत पदक जीता है. वीरेंद्र दत्त बडोला ने साइकलिंग में रजत पाया है. जबकि, वेट लिफ्टिंग में किरण डिमरी, नव्या पांडे, दीपा शाह और ललिता आर्य ने भी रजत पदक जीता है. उधर, रेखा देवी, परिसी थपलियाल ने कांस्य जीता है.

वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने पहले दिन से ही अपना दबदबा बनाए रखा है. दूसरे दिन तक छत्तीसगढ़ ने कुल 41 मेडल अपने नाम कर लिए. इसमें 21 गोल्ड, 8 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल है. दूसरे दिन तक महाराष्ट्र में शानदार वापसी करते हुए पदक तालिका में दूसरा नंबर बनाने में कामयाबी हासिल की.

महाराष्ट्र को दूसरे दिन तक 10 गोल्ड, 8 रजत और 7 कांस्य पदक मिले हैं. केरल ने तीसरा स्थान बनाए रखा है. केरल को कुल 32 पदक मिले हैं, जिसमें 8 गोल्ड, 12 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं. यह तीनों राज्य पिछली वन खेलकूद प्रतियोगिता में भी टॉप तीन स्थान हासिल करने कामयाब रहे थे. इस बार भी इन्होंने अपना स्थान बरकरार रखा है.

27वीं वन खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तराखंड छठे स्थान पर था और इस बार भी दूसरे दिन तक उत्तराखंड कुल 16 पदक जीतकर छठे स्थान पर ही बरकरार है. हालांकि, उत्तराखंड के सामने चुनौती पदक तालिका में खुद को पिछली प्रतियोगिता से और बेहतर स्थान पर रखने की होगी.