उत्तराखंड प्रीमियर लीग सीजन 2 मैन्स के ट्रायल शुरू, पहले दिन 481 प्लेयर्स ने करवाया रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड प्रीमियर लीग सीजन 2 के लिए ट्रायल आज से शुरू हो गए हैं. गढ़वाल मंडल के लिए ये ट्रायल देहरादून के छिद्दरवाला स्थित आयुष क्रिकेट अकादमी में हो रहे हैं. वहीं, अगर कुमाऊं की बात करें तो उधम सिंह नगर की एमेनिटी स्कूल में ट्रायल लिये जा रहे हैं. इन ट्रायल्स में पूरे प्रदेश के कोने कोने से उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों का जमकर उत्साह देखने को मिल रहा है. आज पहले दिन पूरे प्रदेश से तकरीबन कुल 481 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है.

गढ़वाल मंडल के लिए आयुष क्रिकेट अकादमी, छिद्दरवाला देहरादून में कुल 325 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. वहीं कुमाऊं मंडल के 156 खिलाड़ियों ने एमेनिटी स्कूल, उधम सिंह नगर में पंजीकरण करावाया. गढ़वाल मंडल के खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में अजय मनु ने, सुरेंद्र बग्गल और विशाल भाटिया ने चयनकर्ता की भूमिका निभाई. वहीं राजीव दत्ता ने ऑब्जर्वर के रूप में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली. दूसरी तरफ, कुमाऊं मंडल के खिलाड़ियों के लिए रंजीत माली और कृष्णा दास चयनकर्ता रहे. पिथौरागढ़ के सचिव और यूपीएल कमेटी के सदस्य उमेश चंद्र जोशी ने ऑब्जर्वर की भूमिका निभाई.

बता दें UPL के ये ट्रायल 4 अगस्त से शुरू होकर 5 और 6 अगस्त 2025 को भी जारी रहेंगे. इस दौरान खिलाड़ियों के कौशल, तकनीक, और प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि उत्तराखंड प्रीमियर लीग के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया जा सके. उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) राज्य के क्रिकेटरों के लिए एक मंच प्रदान करता है, जहां वे अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं. इस लीग का आयोजन न केवल स्थानीय क्रिकेट को बढ़ावा देता है, बल्कि युवा खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट में कदम रखने का अवसर भी प्रदान करता है.

यूपीएल कमेटी के सदस्यों ने कहा, हमें इस वर्ष ट्रायल्स में खिलाड़ियों की उत्साहजनक भागीदारी देखकर बेहद खुशी हो रही है. गढ़वाल और कुमाऊं रीजन से आए इन 481 खिलाड़ियों में से कई के पास असाधारण प्रतिभा है. हमारा उद्देश्य इन ट्रायल्स के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन करना है, जो उत्तराखंड प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करें. ट्रायल्स के समापन के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची तैयार की जाएगी. उन्हें यूपीएल 2025 के लिए विभिन्न टीमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा.