उत्तराखंड बीजेपी कोर ग्रुप बैठक, मीटिंग से बाहर तीन महामंत्री, दो पूर्व सीएम भी नहीं मौजूद

उत्तराखंड भारतीय जानता पार्टी की इस वक्त देहरादून जौलीग्रांट में कोर ग्रुप की बैठक चल रही है. भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा इस बैठक को ले रहे हैं. बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट की अध्यक्षता में हो रही है. इस बैठक में उत्तराखंड भाजपा के 14 बड़े नेता मौजूद हैं. बड़ी बात ये है कि इस बार कोर ग्रुप की बैठक में तीनों प्रदेश महामंत्रियों को बाहर रखा गया है. पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत भी इस बैठक में मौजूद नहीं हैं.

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में हो रहे भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा के 14 बड़े नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संगठन महामंत्री अजय सिंह के अलावा संगठन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक मौजूद हैं. वहीं इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्रियों में त्रिवेंद्र सिंह रावत और रमेश पोखरियाल निशंक मौजूद हैं. त्रिवेंद्र और महेंद्र भट्ट के अलावा सभी 6 लोकसभा और राज्यसभा सांसद बैठक में पहुंचे हैं. वहीं कैबिनेट से सतपाल महाराज और धन सिंह रावत को बैठक में शामिल किया गया है.

लंबे समय बाद आयोजित हो रही भारतीय जनता पार्टी की ये बैठक कई मायनो में महत्वपूर्ण है. बैठक का एजेंडा हाल ही में पार्टी द्वारा प्रदेश भर में कुछ इंटरनल सर्वे है. जिसमें कई विधायकों की परफॉरमेंस बेहद ख़राब पाई गई है. ऐसे में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर किस तरह से रणनीति तैयार की जानी है इसको लेकर चर्चा की जा सकती है. वहीं, इसके अलावा प्रदेश के वर्तमान में चल रहे कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ साथ लंबे समय से पार्टी में हो रही दायित्वों की मांग को लेकर भी चर्चाएँ की जा सकती हैं.