अल्मोड़ा के सल्ट में दर्दनाक हादसा: बस को पास देते समय पिकअप गहरी खाई में गिरा, 5 गंभीर घायल

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हो गई। डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे के दौरान दो लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं, जबकि पिकअप के अंदर फंसे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे उस स्थान पर हुई, जहां सड़क की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब बताई जा रही है। सामने से आ रही एक बस को पास देने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सीधे खाई में जा समाया।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट भेजा। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बाद में हायर सेंटर रेफर करते हुए रामनगर स्थित संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है।

गंभीर घायलों में वाहन चालक साकम सिंह (35 वर्ष) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी केलाखेड़ा उधमसिंहनगर, सुभाष (19 वर्ष) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर तथा विजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर शामिल हैं। सभी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने शीघ्र सड़क मरम्मत व सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटा है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में खराब सड़कों और संकरे मार्गों की गंभीर समस्या को उजागर करता है।