वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) का दूसरा सीजन 18 जुलाई से इंग्लैंड में शुरू हो गया है. 20 जुलाई को भारत और पाकिस्तान की जोरदार भिड़ंत होने वाली थी, जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों टीमों के बीच पहला मैच था. लेकिन मैच से एक दिन पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन समेत कई भारतीय खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले की वजह से उस मैच से हटने का फैसला किया. जिसके बाद टूर्नामेंट के आयोजक ने मैच को रद्द करने फैसला कर लिया.
भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने का फैसला जहां एक तरफ पहलगाम टेरर अटैक था वहीं दूसरी वजह पाकिस्तान टीम में शामिल शाहिद आफ्रीदी भी थे. जिन्होंने आतंकी हमले के बाद भारतीय फौज के हवाले से अपशब्द कहे थे. उसके बाद उनकी और भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन के साथ सोशल मीडिया पर तीखी झड़प भी हुई थी.
मैच रद्द होने पर भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, जो कदम 11 मई को लिया, उसपे आज भी वैसे ही खड़ा हूं. मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं होता. जय हिंद!’
अब पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की IND vs PAK मैच रद्द होने पर प्रतिक्रिया सामने आई है. जिसमें उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली. रविवार को स्थानीय मीडिया से बात करते हुए, शाहिद अफरीदी ने दावा किया कि भारतीय क्रिकेटर भी मैच न खेल पाने से निराश थे और उन्होंने मैच रद्द करने के लिए शिखर धवन को जिम्मेदार ठहराया, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि अगर अफरीदी पाकिस्तानी टीम का हिस्सा होते तो वह ये मैच नहीं खेलेंगे.
अफरीदी ने कहा, ‘खेल देशों को करीब लाते हैं. अगर राजनीति हर चीज के बीच आ जाएगी, तो आप आगे कैसे बढ़ेंगे? बातचीत से ही चीजें सुलझती हैं. इस तरह के आयोजनों का मकसद एक दूसरे खिलाड़ियों का आमने-सामने मिलना भी है, लेकिन आप जानते हैं, हमेशा एक सड़ा अंडा होता है, जो सब कुछ बिगाड़ देता है.’
अफरीदी ने आगे कहा कि उन्होंने मैच से एक दिन पहले ट्रेनिंग की. मुझे लगता है कि उन्होंने सिर्फ एक खिलाड़ी की वजह से मैच से नाम वापस ले लिया. भारतीय टीम भी बहुत निराश है. वे यहां खेलने आए थे. मैं आपको बता रहा हूं, आपको देश के लिए एक अच्छा राजदूत बनना चाहिए, न कि शर्मिंदगी का.’
WCL के आयोजकों ने भारत पाकिस्तान मैच रद्द करने के बाद प्रशंसकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी भी मांगी है. एक्स पर अपने बयान में, WCL अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने प्रशंसकों के लिए खुशनुमा यादें बनाने के लिए दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए वॉलीबॉल मैच के बाद भारत-पाक मैच की घोषणा की थी. शायद इस प्रक्रिया में, हमने कई लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई और भावनाओं को भड़काया. इससे भी बढ़कर, हमने अनजाने में अपने भारतीय क्रिकेट लीजेंड्स को असहज कर दिया, जिन्होंने देश को इतना गौरव दिलाया है, और हमने उन ब्रांडों को भी प्रभावित किया जिन्होंने विशुद्ध रूप से खेल के प्रति प्रेम के कारण हमारा समर्थन किया था. इसलिए, हमने भारत बनाम पाकिस्तान मैच रद्द करने की घोषणा की है.
