एडल्ट कॉमेडी से भरपूर ‘मस्ती 4’ का ट्रेलर रिलीज, विवेक, रितेश, आफताब संग अरशद और तुषार ने भी पार की सारी हदें

विवेक ओबेरॉय, आफताब शिवदसानी और रितेश देशमुख की क्लासिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म मस्ती का चौथा पार्ट मस्ती 4 रिलीज होने के लिए तैयार है. इससे पहले मास एडल्ट कॉमेडी फिल्म मस्ती 4 का आज 4 नवंबर को ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म के चौथे पार्ट में दो नए चेहरे और जाने-माने चेहरे अरशद वारसी और तुषार कपूर की एंट्री हो गई है. साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म मस्ती का यह चौथा पार्ट है. इससे पहले फिल्म के तीनों पार्ट दर्शकों को खूब लोटपोट कर चुके हैं, क्या फिल्म का चौथा पार्ट मस्ती 4 दर्शकों को हंसाने में कामयाब हो पाएगा, चलिए देखते हैं कैसा है फिल्म मस्ती 4 का ट्रेलर.

मस्ती फ्रेंचाइंजी एक एडल्ट कॉमेडी फिल्म है और इसके पिछले तीनों पार्ट में डबल मिनिंग से लेकर कई अश्लील हरकतों वाले सीन देखने को मिले हैं और अब मस्ती 4 में भी कॉमेडी का अश्लील मसाला परोसा गया है. ट्रेलर अपने शुरुआत से ही लोगों हंसाने में कामयाब होता है. रितेश, विवेक और आफताब के साथ-साथ तुषार कपूर का फिल्म गोलमाल का गूंगे किरदार वाला अंदाज मस्ती 4 में देखने को मिलेगा और वहीं, कॉमेडी के मास्टर स्टार अरशद वारसी भी अपने अंदाज में फुल कॉमेडी करते दिख रहे हैं. मस्ती 4 का ट्रेलर 18 साल से कम उम्र की बच्चों के लिए तो बिल्कुल भी नहीं है, यह एक एडल्ट फिल्म है.

29 फरवरी 2024 को फिल्म मस्ती 4 का एलान हुआ था. फिल्म को मिलाप जावेरी ने डायरेक्ट किया है, जिनकी फिल्म एक दीवाने की दीवानियत बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. फिल्म मस्ती 4 के लिए इंद्रा कुमार और मारुति इंटरनेशनल के मालिक अशोक ठकेरिया ने ए झुनझुनवाला और एसके अहलुवालिया के साथ हाथ मिलाया है.

बता दें, फिल्म मस्ती की पहली किस्त साल 2004 में आई थी और इसे इंद्रा कुमार ने डायरेक्ट किया था. वहीं, साल 2013 में ग्रैंड मस्ती (पार्ट 2) रिलीज हुई थी, जिसे भी इंद्रा कुमार ने बनाया था. इसके बाद साल 2016 में विवेक, रितेश और आफताब की तिकड़ी ही फिल्म ग्रेट ग्रैंड मस्ती (पार्ट 3) आई थी. मस्ती की अब तक की तीनों किस्त बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई है. अब देखेंगे आज के जमाने और इंस्टा रील की मस्ती भरी दुनिया में में ‘मस्ती 4’ कैसे दर्शकों को हंसाती है. फिल्म आगामी 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.