भारतीय क्रिकेट टीम ने 1947 से 2025 तक स्वतंत्रता दिवस पर कुल 6 मुकाबले खेले हैं.

देश भर में आज (15 अगस्त) 79 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है. क्योंकि आज ही के दिन देश को ब्रिटिश राज से आधिकारिक रूप से आजादी मिली थी. इस दिन देश में सरकारी छुट्टी होती है ताकि हर कोई आजादी का जश्न धूमधाम से मना सके. लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम इस दिन भी देश का नाम रोशन करने के लिए मैदान मे उतरती रही है.

1947 से 2025 तक टीम इंडिया ने स्वतंत्रता दिवस पर कुल 6 मुकाबले खेले हैं. जिसमें से उन्हें दो में जीत और तीन में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा. आज 15 अगस्त के अवसर पर हम उन्हीं 6 मैचों पर एक नजर डालने वाले हैं, जो इस दिन को और भी यादगार बना देती है.

भारतीय टीम ने पहला स्वतंत्रता दिवस मैच 1952 में खेला था. यह टेस्ट पांच मैचों की श्रृंखला का हिस्सा था. 14 अगस्त से 19 अगस्त तक ये टेस्ट मैच ओवल में खेला जाना था. हालांकि, लगातार बारिश के कारण मैच को रद्द कर दिया गया था. इस मैच में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाए थे, जबकि भारत 98 रनों के मामूली स्कोर पर आउट हो गया था.

विराट कोहली

भारत बनाम श्रीलंका (15 अगस्त 2001)
1952 में 15 अगस्त को खेले गए मैच के 50 साल बाद, भारत ने स्वतंत्रता दिवस पर गाले में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला. इस मैच ने भारतीय प्रशंसकों के लिए कुछ कड़वी यादें छोड़ दीं और भारतीय टीम को श्रीलंकाई टीम से 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. भारत ने पहली पारी में 187 और दूसरी पारी में 180 रन बनाए थे. जबकि श्रीलंका ने पहली पारी में 362 और दूसरी पारी में 6 रन बनाकर मैच जीत लिया.

भारत बनाम इंग्लैंड (15 अगस्त 2014)
इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त 2014 को लंदन के ओवल में इंग्लैंड से भिड़ी. जहां उसे मेजबान टीम से पारी और 244 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में भारत, इंग्लैंड के 486 रनों के जवाब ने पहली पारी में 148 पर ऑलआउट हो गया और फिर फॉलोऑन झेलते हुए दूसरी पारी में 94 पर ही ढेर हो गया.

भारत बनाम श्रीलंका (15 अगस्त 2015)
12 से 15 अगस्त तक गाले में खेले गए टेस्ट मैच में भारत को श्रीलंका से 63 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में भारत ने पहली पारी में 375 और दूसरी पारी में 112 रन बनाए जबकि मेजबान श्रीलंका ने 183 और 367 रन बनाकर मैच 63 रनों से जीत लिया.

भारत बनाम वेस्टइंडीज (15 अगस्त 2019)
भारत को 15 अगस्त के दिन पहली जीत 2019 में मिली, जब उन्होंने 15 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज को एकदिवसीय मैच में छह विकेट से हराया. इस मैच में कप्तान विराट कोहली ने शतक बनाया और मुकाबले के स्टार खिलाड़ी रहे.

भारत बनाम इंग्लैंड (15 अगस्त 2021)
भारतीय क्रिकेट टीम का आखिरी स्वतंत्रता दिवस मैच 2021 में खेला गया था, जब भारत ने लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. उस मैच में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने 70 रनों की साझेदारी की, जिसने मेहमान टीम की 151 रनों की जीत में अहम भूमिका निभाई. भारत ने पहली पारी में 364 रन बनाए जबकि दूसरी पारी 298 रनों पर घोषित कर दी थी. वहीं इंग्लैंड की पहली पारी 391 और दूसरी पारी में 120 पर ढेर हो गई थी.