‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 4’ प्रोमो: कपिल शर्मा ने प्रियंका चोपड़ा संग किया फ्लर्ट, ‘देसी गर्ल’ ने सबके सामने कबूल की ये बात

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ अपने नए सीजन के साथ इस हफ्ते वापस आ रहा है. नए सीजन में कई पुराने और नए किरदार पेश किए जा रहे हैं. नए सीजन के पहले एपिसोड में कपिल शर्मा ने ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस का स्वागत किया है. मेकर्स ने आज ही, 17 दिसंबर को शो का प्रोमो जारी किया है, जिसमें एक्ट्रेस खूब हंसती हैं और कुछ तेज-तर्रार इंग्लिश फ्रेज से कपिल की टांग खींचती नजर आई हैं.

बुधवार को कपिल शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का नए सीजन का प्रोमो साझा किया है और कैप्शन में लिखा है, ‘मस्तीवर्स में देसी गर्ल की एंट्री होने वाली है. प्रियंका चोपड़ा को द ग्रेट इंडियन कपिल शो के पहले एपिसोड में देखें, जो 20 दिसंबर को रात 8 बजे, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा.’ प्रोमो में कपिल शर्मा अपने फैंस से वादा किया है कि मजा चार गुना ज्यादा होगा और शरारतें भी चार गुना ज्यादा होंगी.

नए सीजन की शुरुआत शो के होस्ट कपिल शर्मा अपने मस्तीवर्स को बढ़ाते हुए कर रहे हैं, जिसमें वह अपने नए ऑन-स्टेज अवतार, राजा को पेश कर रहे हैं. प्रियंका चोपड़ा इस नए एपिसोड की पहली गेस्ट हैं और होस्ट अपनी नई-नई इंग्लिश से हॉलीवुड एक्ट्रेस को इंप्रेस करने की कोशिश करते हैं. लेकिन यह उन पर ही भारी पड़ जाता है, क्योंकि एक्ट्रेस जब इंग्लिश में बात करना शुरू करती हैं तो कपिल को हार मानना पड़ जाता है.

प्रोमो में कपिल को प्रियंका के साथ फ्लर्ट करते देखा जा सकता है. कपिल प्रियंका से और सवाल पूछते हैं, और उनके अब पति निक जोनस से पहली मुलाकात के बारे में पूछते हैं, जबकि वह उनसे पूछती हैं कि अगर वह एक सुबह उनकी जगह जागें तो क्या होगा.

होस्ट और गेस्ट के साथ सीरीज के दूसरे कलाकार कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा भी शामिल हुए. वे मजाकिया अंदाज में हॉलीवुड में जाने के बारे में पूछते हैं. वहीं सुनील ग्रोवर का डायमंड राजा तो देसी गर्ल को स्टेज पर डुएट के लिए भी बुला लेता है.

डायमंड राजा प्रियंका से कहता है, ‘दुनिया में जितने भी लैपटॉप आ जाएं, लेकिन जो बात PC में है, वो किसी में नहीं.’ डायमंड राजा की यह बात सुनकर प्रियंका हंस पड़ती हैं. प्रियंका कबूल करती हैं कि मैं भूल गई थी, इस शो में कितना हंसते हैं. एक्ट्रेस कहती है कि वह इतने लंबे समय बाद इतना खुलकर हंसी हैं. द ग्रेट इंडियन कपिल शो शनिवार, 20 दिसंबर को रात 8 बजे प्रीमियर होगा.