‘द चेज’ टीजर: MS धोनी का फिल्म में डेब्यू? एक्शन हीरो बने ‘कैप्टन कूल’, आर. माधवन संग मिलकर धांय-धांय चलाई गोलियां

भारत के दिग्गज पूर्व क्रिकेट कप्तान एमएस धोनी के फैंस अब तक उन्हें क्रिकेट के मैदान पर या किसी कैंडिड फोटोशूट में देखे हैं. लेकिन इस बार, उन्हें एक सरप्राइज मिलने वाला है. जी हां, एमएस धोनी एक नए प्रोजेक्ट के साथ फैंस के बीच आ रहे हैं. उन्होंने एक्टर आर माधवन के साथ एक नए प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिलाया है, जो अभी से चर्चा का विषय बना हुआ है.

7 सितंबर को, आर. माधवन ने सोशल मीडिया पर वासन बाला के आगामी प्रोजेक्ट ‘द चेज’ का एक टीजर शेयर किया, जिसमें एमएस धोनी एक्शन हीरो के रूप में नजर आएं. ‘द चेज’ का टीजर साझा करते हुए माधवन ने कैप्शन में लिखा है, ‘एक मिशन, दो योद्धा, सीट बेल्ट बांध लें, एक जंगली, विस्फोटक चेज शुरू हो रहा है. द चेज टीजर अब जारी. वासन बाला ने डायरेक्ट किया है. जल्द आ रहा है.’

टीजर में माधवन और धोनी टास्क फोर्स ऑफिसर के रूप में नजर आ रहे हैं. धोनी को एक कूल हेड ऑफिसर बताया गया है, जबकि माधवन को रोमांटिक बताया गया है. दोनों ‘एक मिशन’ पर निकलते हैं. दोनों को एक्शन मोड में देखा जा सकता है.

हालांकि, माधवन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह प्रोजेक्ट एक फिल्म है, एक सीरीज है या कुछ और. हालांकि अभी तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या एमएस धोनी ने वाकई वासन बाला के प्रोजेक्ट ‘द चेज’ में आर. माधवन के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर दी है?

इंस्टाग्राम पर शेयर होते ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने कमेंट सेक्शन को अपनी-अपनी प्रतिक्रियाओं से भर दिया है. धोनी की बात करें तो उन्हें कई विज्ञापनों में देखा जा चुका है और इससे पहले उन्होंने तमिल फिल्म GOAT में भी एक स्पेशल अपीयरेंस की भूमिका निभाई थी.

एक फैन ने लिखा है, ‘हे भगवान, माही और मैडी दोनों साथ में. यह बहुत रोमांचक था’. एक ने लिखा है, ‘क्या ये कोई विज्ञापन है? मैं तो बहुत उलझन में हूं’. एक फैन ने लिखा है, ‘धोनी हीरो, थाला एक वजह से आग लग गई है’. एक दूसरे फैन ने लिखा है, ‘टीजर बहुत रोमांच से भरपूर है’.

वर्कफ्रंट की बात करें तो, माधवन हाल ही में नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘आप जैसा कोई’ में फातिमा सना शेख के साथ नजर आए थे और उन्हें उनके किरदार के लिए काफी सराहना मिली. फिल्म में प्रेम, लैंगिक भूमिकाओं और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की गई है. अब सबकी निगाहें वासन बाला की आगामी प्रोजेक्ट द चेज पर टिकी हैं. फैंस अब आगे की जानकारी के लिए उत्सुक हैं.