भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है. मैच के पहले ही दिन भारत को बड़ा झटका उस समय लगा जब टीम के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. पंत उस समय 37 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे तभी भारतीय पारी के 68वें ओवर की चौथी गेंद पर तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की एक गेंद को वो रिवर्स स्वीप मारने की कोशिश में चोटिल हो गए.
वोक्स की तेज गेंद पंत के दाएं पैर की उंगलियों पर सीधा लगी, जिससे वो दर्द से कराहने लगे. उसके बाद पंत अपने पैर पर खड़े नहीं हो पा रहे थे क्योंकि जहां चोट लगी थी वहां सूजन आ गई थी और खून भी निकल रहा था. उसके बाद पंत को एंबुलेंस के जरिए मैदान से बाहर जाना पड़ा. जिसके बाद भारतीय फैंस के मन में सवाल पैदा हो रहा है कि क्या पंत अब बल्लेबाजी करने आएंगे या उनकी जगह कोई और खिलाड़ी बल्लेबाजी करने आएगा. इस पर ICC का नियम क्या कहता है?
इन सभी सवालों का जवाब हम इस कॉपी में देंगे. सबसे पहले तो भारतीय टीम और फैंस ये उम्मीद कर रहे होंगे कि ऋषभ पंत की चोट ज्यादा गंभीर न हो, क्योंकि भारत को उनकी जरूरत है. पंत की चोट को लेकर ताजा अपडेट यह है कि उनके चोटिल पैर का स्कैन किया गया है जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है. बीसीसीआई ने अपने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते समय ऋषभ पंत के दाहिने पैर में चोट लग गई. उन्हें स्टेडियम से स्कैन के लिए ले जाया गया. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है.
