उत्तराखंड: देशभर में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं. इसी कड़ी में उत्तराखंड के चारधामों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं. दीपावली को लेकर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम में मंदिरों को फूलों से सजाया गया है. दीपावली के मौके पर चारोंधामों में सफाई और सजावट का काम पूरा हो चुका है. इस दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं. साथ ही प्रसाद वितरण भी किया जाता है.
दीपावली से पहले बदरीनाथ धाम को गेंदे के फूलों से सजाया गया है. दिवाली के दिन बदरीनाथ धाम कुबेर और माता लक्ष्मी की स्पेशल पूजा की जाती है. साथ ही इस दिन बदरी विशाल के खजाने की पूजा भी की जाती है. बदरी विशाल का खजाना सुख समृद्धि का प्रतीक है. केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम 12 हजार दियों से सजाया जाएगा और माता लक्ष्मी को 56 भोग का प्रसाद समर्पित किया जाएगा.
दीपावली पर्व को लेकर केदारनाथ मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है. इस मौके पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. केदारनाथ धाम में बीकेटीसी, तीर्थ पुरोहितों और हकहकूकधारियों के सहयोग से दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा. यह दीपोत्सव 20 से 23 अक्टूबर तक आयोजित होगा.
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि दीपावली पर्व और केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के अवसर को लेकर मंदिर को 12 क्विंटल फूलों से श्रृंगार किया गया है. धाम में पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. दीपावली पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए हैं. बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अक्टूबर को बंद हो रहे हैं.
