‘नई जिंदगी शुरू कर रही है.. पुराने पाप तो धो ले’, मोहब्बत में मर-मिटने को तैयार धनुष, देखें ‘तेरे इश्क में’ का धांसू टीजर

साउथ स्टार धनुष और आनंद एल राय एक और रोमांटिक ड्रामा ‘तेरे इश्क में’ के लिए फिर से साथ आ रहे हैं. यह उनकी पिछली फिल्म ‘रांझणा’ के बाद की जोड़ी है. इस फिल्म में बॉलीवुड कृति सनोन भी मुख्य भूमिका में हैं. मेकर्स ने नवमी के शुभ अवसर पर ‘तेरे इश्क में’ का टीजर जारी किया है.

मेकर्स ने 1 अक्टूबर को ‘तेरे इश्क में’ का टीजर जारी किया है. कृति सेनन ने इंस्टाग्राम पर ‘तेरे इश्क में’ का टीजर साझा किया है और कैप्शन में लिखा है, ‘इश्क करते तो बहुत है, अब तेरे इश्क में मिटने की तैयारी है. शंकर और मुक्ति की भव्य दुनिया में आपका स्वागत है. 28 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में, हिंदी और तमिल में. ‘

2 मिनट और 4 सेकंड का टीजर काफी दमदार है. टीजर की शुरुआत मुक्ति (कृति) की शादी के रस्मों से होती है, जहां औरतें उसे हल्दी लगाती हैं. तभी बैकग्राउंड में महामृत्युंजय मंत्र शुरू होता है और शंकर (धनुष) की एंट्री होती है. वह घायल आंखों के साथ मुक्ति के पास जाता है. शंकर को देख मुक्ति हैरान हो जाती है. इसके बाद शंकर मुक्ति से कहता है, ‘अपने बाप को जलाने गया था बनारस, सोचा तेरे लिए गंगा जल लेता आऊं. नई जिंदगी शुरू कर रही है पुराने पाप तो धो लें.’

इसके बाद शंकर और मुक्ति के रिश्ते की झलक दिखाई गई है, जिसमें थोड़ा रोमांस और दर्द देखने को मिलता है. धनुष का एक्शन सीन काफी दमदार दिखाया गया है. टीजर के आखिरी में शंकर मुक्ति को श्राप देते हुए कहता है, ‘शंकर करे तेरा बेटा हो, तुझे भी पता चले कि इश्क में जो मर जाते हैं, वो भी किसी के बेटे होते हैं.’

टीजर का टाइटल सॉन्ग, बैकग्राउंड म्यूजिक, डायलॉग, स्टोरी काफी दमदार है. टीजर ने यह साबित कर दिया है कि धनुष और आनंद एल राय धांसू कहानी के साथ सिनेमाघरों में उतरने जा रहे हैं. फिलहाल टीजर ने फैंस और दर्शकों के उत्साह को बढ़ा दिया है.