‘तुर्की’ के साथ सरप्राइज प्रोजेक्ट पर काम कर रहे शाहरुख, सलमान और आमिर, सामने आईं अनदेखी तस्वीरें

बॉलीवुड के तीन खान शाहरुख, सलमान और आमिर हाल ही में सऊदी अरब के रियाध में हुए एक इवेंट जॉय फोरन में साथ में नजर आए. यहां दुनियाभर की फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार भी मौजूद थे, लेकिन दुनिया का ध्यान शाहरुख, सलमान और आमिर खान पर ही गया. यहां तीनों स्टार ने अपने-अपने एक्सपीरियंस शेयर किए और एक-दूजे पर जमकर प्यार भी लुटाया. जहां सलमान खान ने कहा कि वह और आमिर फिल्मी बैकग्राउंड से आते हैं , लेकिन शाहरुख खान नहीं, इसके जवाब में शाहरुख ने कहा कि सलमान और आमिर की फैमिली भी उनकी फैमिली है और इसलिए वो भी फिल्म इंडस्ट्री से आते हैं.

अब इस इवेंट से सलमान, शाहरुख और आमिर की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिसमें ये तीनों स्टार्स दुनिया के बड़े-बड़े स्टार्स संग दिख रहे हैं. इसमें यूट्यूब सेंसेशन मिस्टर बीस्ट समेत कई हॉलीवुड और कोरियन स्टार भी हैं. अब तुर्की बिन अब्दुल मोहसिन अल शेख ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान समेत इवेंट में पहुंचे सभी स्टार्स की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं. तुर्की जनरल एंटरटेनमेंट ऑथोरिटी के अध्यक्ष हैं. तीनों खान संग तस्वीरें शेयर कर तुर्की ने लिखा है, ‘मेरे तीन विश्व प्रसिद्ध भाइयों, सलमान खान, शाहरुख खान, और आमिर खान के साथ, हम एक बड़े सरप्राइज पर काम कर रहे हैं जो इंशा अल्लाह जल्द ही सबके सामने आएगा’.

बता दें, जॉय फोरम 2025 के मौके पर तीनों खान एक ही छत के नीचे स्पॉट हुए थे, जिसका आयोजन जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी (जीईए) के अध्यक्ष महामहिम तुर्की अल शेख के संरक्षण में किया गया था. जॉय फोरम 2025 में कई इंटरनेशनल स्टार्स और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल हुए, जिनमें डाना व्हाइट, शैक्विल ओ’नील, टेरी क्रूज़, गैरी वेनरचुक, ली जंग-जे और रयान सीक्रेस्ट शामिल थे. नेटफ्लिक्स, डब्ल्यूडब्ल्यूई, डीएजेडएन, यूएफसी, स्काई स्पोर्ट्स और एमबीसी स्टूडियो जैसी प्रमुख मनोरंजन कंपनियों ने भी इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में भाग लिया.