गंगनहर में डूबे आईआईटी के छात्र की तलाश जारी, सर्च ऑपरेशन में जुटी 100 सदस्यीय टीम

हरिद्वार जिले के रुड़की में स्थित गंगनहर के पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हुए एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र का एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं लग पाया है. हालांकि छात्र की तलाश के लिए सप्ताह भर से सर्चिंग अभियान जारी है, इस बीच दो बार गंगनहर का पानी भी बंद किया जा चुका है. वहीं बड़े स्तर पर छात्र की तलाश करने के लिए करीब 20 प्रोफेशनल गोताखोरों को विशेष रूप से बुलाया गया है, जिनमें देश के मशहूर गोताखोर शामिल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि लगभग 100 सदस्यीय टीम गंगनहर किनारे बने बाल्मीकि घाट से आसफनगर झाल तक खंगालने में जुटी हुई है और चप्पे-चप्पे की अलग-अलग तकनीकों से सघन तलाशी ली जा रही है.

बताते चलें, बीती 11 फरवरी बुधवार के दिन (IIT Roorkee) आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र आशीष शुक्ला निवासी बनारस उत्तर प्रदेश, अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए आया था. इस दौरान वह नगर निगम स्थित गंगनहर किनारे बने वाल्मीकि घाट पर गंगनहर किनारे बैठा हुआ था. इसी बीच उसका अचानक से पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ते ही वह गंगनहर में गिर गया. वहीं छात्र को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाना शुरू किया, शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, हालांकि कुछ लोगों ने उसे बचाने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.

देखते ही देखते आशीष शुक्ला गंगनहर के पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया. जिसके बाद एसडीआरएफ, आर्मी, गोताखोरों और पुलिस द्वारा उसकी तलाश की गई. इस दौरान गंगनहर का पानी भी बंद किया गया लेकिन उसका पता नहीं चल सका. वहीं एक बार फिर 16 फरवरी सोमवार के दिन गंगनहर का पानी दोबारा बंद कर बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप के जवान, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन और जल पुलिस की टीमें मौके पर उतरी, छात्र की तलाश के लिए करीब 20 प्रोफेशनल गोताखोरों को भी विशेष रूप से बुलाया गया है. जिनमें देश के मशहूर गोताखोर शामिल बताए जा रहे हैं. कुल मिलाकर लगभग 100 सदस्यीय टीम गंगनहर किनारे बने बाल्मीकि घाट से आसफनगर झाल तक खंगालने में जुटी हुई है.

सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को गंगनहर से एक शव बरामद हुआ है और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है, अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उधर, गंगनहर में डूबकर लापता हुए छात्र के परिजन और सहपाठी लगातार घटनास्थल पर डटे हुए हैं. प्रशासन का कहना है कि जब तक छात्र का पता नहीं चल जाता अभियान जारी रहेगा.