रन-मशीन कोहली ने पोंटिंग-सहवाग को छोड़ा पीछे, मैच में बनाए तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड

विराट कोहली पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो वनडे मैच में डक पर आउट होने के बाद शानदार वापसी की है, और तबसे वो लगातार रन बना रहे हैं. हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई वनडे सीरीज में भी कोहली ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया लेकिन भारत वो सीरीज 1-2 से हार गया. सीरीज में कोहली ने पहले मैच 93, 23 और 124 रनों की पारी खेली.

इंदौर में खेले गए इसी सीरीज के आखिरी वनडे मैच में कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली. जो उनकी 54वीं वनडे और 85वीं अंतरराष्ट्रीय सेंचुरी थी. अपनी पारी के दौरान कोहली ने 108 गेंदों में 124 रन बनाए. जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. इसके साथ ही वो न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने दिग्गज वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम छह-छह शतक थे.

न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक

खिलाड़ी देश मैच रन शतक
विराट कोहली भारत 36 1897 7
रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया 51 1971 6
वीरेंद्र सहवाग भारत 23 1157 6
सनथ जयसूर्या श्रीलंका 47 1519 5
सचिन तेंदुलकर भारत 42 1750 5

इसके अलावा विराट कोहली वनडे में नंबर तीन पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उनके नाम अब 247 मैचों 12, 676 वनडे रन हो गए हैं. इससे पहले ये रीकॉर्ड पोंटिंग के नाम था, जिन्होंने 335 वनडे में 42.48 की औसत से 12,662 रन बनाए थे, जिसमें 29 शतक और 74 अर्धशतक शामिल थे. कोहली और पोंटिंग ही सिर्फ दो ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे क्रिकेट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 10,000 से ज्यादा रन बनाए हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कोहली शानदार फॉर्म में थे. वडोदरा में पहले मैच में, उन्होंने 91 गेंदों पर 93 रन बनाकर अपनी टीम को चार विकेट से जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता. दूसरे वनडे में उन्होंने 23 रन का योगदान दिया. इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे में उन्होंने 124 रन बनाकर फिर से सबका दिल जीत लिया लेकिन मैच नहीं जीत पाए.