राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे और उनकी गर्लफ्रेंड संग नाचे रणवीर सिंह, बिलेनियर कपल की शादी से वीडियो वायरल

राजस्थान के उदयपुर में रणवीर सिंह, शाहिद कपूर, कृति सेनन समेत कई बॉलीवुड स्टार्स अमेरिकी अरबपति पद्मजा और रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना की वेडिंग संगीत सेरेमनी में शामिल हुए और जमकर डांस किया. इस कार्यक्रम के कई वीडियो ऑनलाइन वायरल हो रहे हैं, जिनमें से एक में रणवीर सिंह, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन को अपने गानों की धुनों पर डांस करवाते दिख रहे हैं.

वायरल वीडियो में रणवीर सिंह को पहले स्टेज के सामने और बाद में स्टेज पर डांस करते देखा जा रहा है. इसमें धुरंधर एक्टर डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी गर्लफ्रेंड का हाथ पकड़ कर अपनी ही फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के सॉन्ग वॉट झुमका पर थिरकते दिख रहे हैं. बेटिना ने गोल्डन रंग का लहंगा पहना हुआ है, जबकि रणवीर सिंह को डैपर लुक में देखा जा रहा है. इसके बाद वह अपनी फिल्म सिम्बा के गाने आंख मारे पर सबको नचाते दिख रहे हैं. संगीत सेरेमनी में गेस्ट के बीच खूब जोश देखा जा रहा है.

इतना ही नहीं, रणवीर सिंह ने अपनी फिल्म गली बॉय के गाने अपना टाइम आएगा पर भी जमकर डांस किया. बता दें, सितारों से सजी इस महफिल को करण जौहर ने इसे होस्ट किया था. जाह्नवी कपूर, वरुण धवन, शाहिद कपूर, कृति सेनन, जैकलीन फर्नांडिस समेत कई स्टार्स इस सेरेमनी में नजर आए. इन सभी स्टार्स ने बारी बारी से गानों पर डांस किया. उदयपुर में विदेशी वीआईपी गेस्ट का मेला लगा था, जिसमें जस्टिन बीबर और जेनिफर लोपेज भी शामिल हैं. बता दें, आगामी 5 दिसंबर को रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर रिलीज होने जा रही है, जिसमें संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और अक्षय खन्ना अलग-अलग अवतार में नजर आने वाले हैं.