पंजाब के कई जिलों में रविवार रात से भारी बारिश हो रही है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों और मौसमी नालों में आए उफान के कारण शहर में भीषण बाढ़ आ गई है. इस विनाशकारी घटना के बीच पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ, एमी विर्क, सोनू सूद, संजय दत्त समेत कई कलाकार पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं.
सोनू सूद ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने फिरोजपुर, तरनतारन और फाजिल्का जैसे इलाकों के हालात पर प्रकाश डाला है. लोगों को मदद के लिए आगे आने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा, ‘पंजाब मेरी आत्मा है. चाहे सब कुछ चला जाए, मैं पीछे नहीं हटूंगा. हम पंजाबी हैं—हम हार नहीं मानते.’ उनकी बहन मालविका सूद पहले से ही जमीनी स्तर पर राहत सामग्री बांट रही हैं.
एक दूसरे पोस्ट में सोनू सूद ने किसानों के बारे में जिक्र करते हुए लिखा है, ‘किसानों के लिए, मवेशी सिर्फ पशु नहीं हैं, वे उनकी आजीविका हैं. बाढ़ ने उसे छीन लिया. हमें, व्यक्तिगत रूप से और सरकार के रूप में, यह सुनिश्चित करना होगा कि हर परिवार को उनके मवेशी वापस मिलें. यह सिर्फ मुआवजे की बात नहीं है बल्कि सम्मान और जीवन-यापन की बहाली की बात है.’
एक्टर ने अपने सूद चैरिटी फाउंडेशन के माध्यम से एक समर्पित हेल्पलाइन (+91 7888675107) शुरू की है. अपने गृह राज्य से अपने गहरे जुड़ाव को दोहराते हुए, उन्होंने हर प्रभावित परिवार को अटूट समर्थन देने का वादा किया है.
पंजाबी एक्टर और गायक एमी विर्क ने अपनी टीम के साथ मिलकर पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ के पीड़ितों की सहायता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल का एलान किया है. कलाकार और उनकी टीम उन परिवारों को सहारा देने के लिए 200 घरों को गोद ले रहे हैं जिन्होंने इस तबाही में अपना सब कुछ खो दिया है.
एमी ने इसके बारे में जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है. एमी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, एमी विर्क और उनकी टीम की ओर से. पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही देखकर हमारा दिल टूट गया है. अपने लोगों को बिना छत के देखकर मैं पूरी तरह टूट गया हूं. उन्हें आराम और स्थिरता देने के लिए अपने छोटे से प्रयास में, हम उन लोगों की मदद के लिए 200 घरों को गोद ले रहे हैं, जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया है. यह सिर्फ आश्रय के बारे में नहीं है, बल्कि उन्हें फिर से शुरुआत करने की आशा, सम्मान और शक्ति देने के बारे में है. आइए हम सब मिलकर जरूरतमंदों की हर संभव मदद करें.’
लोकप्रिय पंजाबी गायक-एक्टक दिलजीत दोसांझ ने बाढ़ संकट के दौरान पंजाब की मदद के लिए आगे आकर बड़ा कदम उठाया है. दिलजीत की टीम ने पंजाब में आए बाढ़ पर एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें लिखा है, दिलजीत दोसांझ ने अन्य एनजीओ और स्थानीय प्रशासन (गुरदासपुर और अमृतसर) के सहयोग से 10 अत्यधिक प्रभावित गांवों को गोद लिया है.’
