IND vs PAK मैच पर खड़ा हुआ नया विवाद, पाकिस्तान ने पॉइंट्स शेयर करने से किया इनकार

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) का दूसरा सीजन शुरू होते ही विवादों में घिर गया. 18 जुलाई को पाकिस्तान चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस के मैच के साथ टूर्नामेंट का उद्घाटन हुआ. लेकिन 20 जुलाई को इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के मैच को रद्द कर दिया गया, क्योंकि शिखर धवन समेत कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था. जिसके कुछ घंटों बाद WCL के आयोजको ने मैच रद्द कर दिया और भारतीय खिलाड़ियों को अनजाने में असुविधा पहुंचाने के लिए माफी भी मांगी.

उस हाई-वोल्टेज मैच को रद्द करने के बाद अब एक नया विवाद दोनों टीमों के बीच पॉइंट्स को लेकर खड़ा हो गया है. पाकिस्तान चैंपियंस ने इंडिया चैंपियंस के साथ अंक शेयर करने से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि हमने मैच खेलने से इनकार नहीं किया था, इसलिए हम पूरे 2 अंक के हकदार है.

एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, WCL ने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को भारत पाकिस्तान मैच रद्द होने का कारण बताया और साथ में ये भी बताया कि पाकिस्तानी टीम भारत के साथ अंक शेयर करने से नाखुश थी. जिसके लिए पाकिस्तानी चैंपियन टीम ने तर्क दिया कि उन्हें पूरे अंक दिए जाने चाहिए, क्योंकि भारत ने मैच से अपना नाम वापस ले लिया था.

डब्ल्यूसीएल सूत्रों ने एएनआई को बताया, ‘ WCL ने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड को बता दिया है कि आयोजक होने के नाते, वे इस मैच का आयोजन नहीं कर कर पाए. इंडियन चैंपियंस टीम की इसमें कोई गलती नहीं है, लेकिन पाकिस्तान चैंपियंस पॉइंट्स शेयर करने को तैयार नहीं है क्योंकि उनका कहना है कि भारत ने मैच से पीछे हटने का फैसला किया है, न कि उन्होंने.’

अब देखना ये है कि क्या दोनों टीमों में रद्द हुए मैच का अंक शेयर होता है की नहीं. और सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल और फाइनल में आमने सामने आती हैं तो फिर उस मैच का क्या होगा. जिसका जवाब अभी किसी के पास नहीं है, लेकिन ये कंफर्म है कि भारत इस सीजन पाकिस्तान से कोई भी मैच नहीं खेलने वाला है.

बता दें कि पिछले सीजन में उपविजेता रही पाकिस्तान टीम ने WCL के दूसरे सीजन के पहले मैच में इंग्लैंड को पांच रनों से हराया था. अब उनका अगला मुकाबला शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका से होगा, जबकि भारत मंगलवार को उसी टीम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा.