उत्तराखंड में हर साल मानसून सीजन के दौरान आपदा जैसी स्थिति बनती है. इसी क्रम में पिछले 24 घंटे के भीतर उत्तराखंड के तमाम हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते न सिर्फ सबसे अधिक सड़के बाधित हो गई हैं बल्कि प्रदेश की तमाम नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. जिसको देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा नदी नालों के किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश जारी किए गए हैं.
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रविवार से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. एक तरफ पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. जिसके कारण मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बारिश के कारण बिगड़े हालातों पर सभी जिलाधिकारी के साथ बैठक की. बैठक के दौरान सीएम ने सभी जिलाधिकारी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सभी जिलाधिकारियों को अपनी टीम के साथ ग्राउंड जीरो पर रहने के लिए भी कहा गया है.
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में 111 सड़कें बाधित हैं. जिसमें 5 एनएच, 8 एसएच, 1 बॉर्डर रोड, 41 पीडब्ल्यूडी, 56 पीएमजीएसवाई की सड़के शामिल हैं. इसके साथ ही आपदा की वजह से 1 जून 2025 से 04 अगस्त तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है. इसके अलावा, 18 लोग घायल और 8 लोग अभी भी लापता हैं. आपदा की वजह से तीन मकान पूरी तरह से, 24 मकान का आधा हिस्सा, 461 मकानों का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है. आपदा की वजह से पशुओं को भी काफी नुकसान हुआ है. एक जून से 4 अगस्त तक 32 बड़े पशुओं और 62 छोटे पशुओं की मौत हो चुकी है. इसके अलावा 15 गौशाला भी क्षतिग्रस्त हुआ है.

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
- 5 अगस्त को राज्य के नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पौड़ी, टिहरी और देहरादून के तमाम हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट के साथ ही राज्य के अन्य जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- 6 अगस्त को राज्य के देहरादून, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- 7 अगस्त को राज्य के देहरादून और पौड़ी जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ ही अन्य जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर येलो लैंड जारी किया गया है.
- 8 अगस्त को राज्य के नैनीताल और बागेश्वर जिले में भारी से भारी बारिश के साथ ही अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
