‘महाभारत’ के ‘कर्ण’ फेम एक्टर पंकज धीर का 68 की उम्र में कैंसर से निधन

मशहूर टीवी एक्टर पंकज धीर का आज (15 अक्टूबर को) निधन हो गया. 68 वर्ष की आयु में कैंसर से लड़ते हुए उन्होंने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. उनके परिचित अमित बहल ने इसकी पुष्टि की. पंकज धीर कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. वह पहले भी कैंसर से जूझ चुके थे, उनकी बड़ी सर्जरी हुई थी, लेकिन हाल के महीनों में उनकी बीमारी फिर से बढ़ गई थी.

पंकज धीर बी.आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण और ‘चंद्रकांता’ में राजा शिव दत्त की भूमिका के लिए मशहूर रहे थे. टेलीविजन स्टार पंकज धीर का कैंसर से जूझते हुए 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया.

निर्माता और दोस्त अशोक पंडित ने पीटीआई को बताया, ‘आज सुबह कैंसर के कारण उनका निधन हो गया. पिछले कुछ महीनों से वह अस्पताल के चक्कर लगाते रहे थे.’ अंतिम संस्कार आज शाम को किया जाएगा.

वहीं, CINTAA (सिने और टीवी कलाकार संघ) की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘बेहद दुःख और गहरे शोक के साथ, हम आपको सूचित करते हैं कि हमारे ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष और CINTAA के पूर्व महासचिव पंकज धीर जी का 15 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया है. उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे, पवन हंस, विले पार्ले (पश्चिम), मुंबई के बगल में किया जाएगा.’

पंकज धीर के सह-कलाकार अर्जुन फिरोज खान ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनके साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट की है. एक स्टोरी में फिरोज ने लिखा है, ‘जेंटलमैन. अलविदा आपकी याद आएगी पीडी. खुश रहो.’ तस्वीर में फिरोज खान ने दिवंगत एक्टर के साथ पोज देते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि उनके निधन का सही कारण अभी भी अज्ञात है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि धीर लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे.

रिपोर्टों के अनुसार, कुछ महीने पहले वे एक बार फिर से कैंसर के शिकार हो गए थे, जिसके वजह से वह अस्वस्थ थे. बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उनकी एक बड़ी सर्जरी भी हुई थी.

पंकज धीर को बी. आर. चोपड़ा की 1988 की टीवी सीरीज ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाने के बाद फेम मिला था. इसके बाद, वह 1993 में ‘दस्तक’ में मुख्य भूमिका में दिखाई दिए, जिसमें उनके साथ शगुफ्ता अली और समीर कक्कड़ भी थे. इसके अलावा, उन्होंने अर्चना पूरन सिंह के साथ ‘जी हॉरर शो’ में भी काम किया. पंकज धीर ने टीवी सीरीज ‘कानून’ में एक बचाव पक्ष के वकील की मुख्य भूमिका निभाई थी.