भारतीय क्रिकेट टीम शुभमन गिल की कप्तानी में गुरुवार को इंग्लैंड के लिए रवाना हो चुकी है. भारत की टेस्ट टीम 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने वाली हैं. उससे पहले भारत ए टीम अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी में इंग्लैंड लायंस के साथ दूसरा टेस्ट मैच खेल रही है.
इंग्लैंड के नॉर्थम्प्टन में इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच फर्स्ट क्लास मैच खेला जा रहा है. इस मैच में इंग्लैंड लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके साथ ही भारतीय ए टीम पहले बल्लेबाजी करने के लिए आई. इस मैच में केएल राहुल भी खेल रहे हैं. राहुल यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पारी की शुरुआत करने के लिए मैदान पर आए.
राहुल ने पारी की शुरुआत करते हुए शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया. उन्होंने इंग्लैंड लायंस के गेंदबाजों के खिलाफ अर्धशतक ठोका. राहुल ने 102 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए. इसके बाद राहुल ने 151 बॉल में अपने 100 रन पूरे कर शतक जड़ दिया. इस समय तक राहुल क्रीज पर नाबाद बने हुए हैं. उन्होंने शुरुआत दो विकेट जल्दी गिरने के बाद करुण नायर के साथ तीसरे विकेट के लिए 139 बॉल में 86 रनों की साझेदारी भी निभाई.
इस मैच में करुण नायर भी अच्छी लय में नजर आए लेकिन वो अर्धशतक लगाने से चूक गए. नायर ने 71 गेंदों का सामना किया और 4 चौकों की मदद से 40 रनों की पारी खेली. उन्हें क्रिस वोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन की राह दिखाई. तो वहीं ध्रुव जुरेल ने 70 बॉल में 7 चौकों की मदद से 50 रन पूरे कर अर्धशतक लगाया. इंडिया ए ने अब तक 54 ओवर में 228 रन पर 3 विकेट गंवाए हैं.
भारत के तीनो विकेट क्रिस वोक्स ने हासिल किए हैं. वोक्स अब तक 12 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटक चुके हैं. उन्होंने यशस्वी जायवसाल को 17 और अभिमन्यु ईश्वरन को 11 रनों के निजी स्कोर पर आउट किया. क्रिस वोक्स इंग्लैंड की टीम का हिस्सा है जो भारत के साथ 5 मैचों की सीरीज खेलने वाली है. ऐसे में वो भारत के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं.
