करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर की हार्ट अटैक के कारण 53 की उम्र में निधन

मशहूर उद्योगपति और बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर का 53 वर्ष की आयु में दुखद निधन हो गया. 12 जून की रात को उनके अचानक निधन की खबर ने कई लोगों को झकझोर कर रख दिया. एक पोलो खिलाड़ी और सफल उद्यमी संजय कथित तौर पर यूके में एक पोलो मैच में भाग ले रहे थे, जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा. रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल का दौरा शायद उस समय पड़ा जब सवारी करते समय मधुमक्खी उनके मुंह में चली गई. अपने निधन के कुछ घंटों पहले ही संजय सोशल मीडिया पर एक्टिव थे.

संजय कपूर का आखिरी पोस्ट 12 जून को ही अहमदाबाद में क्रैश हुए एयर इंडिया के प्लेन पर था. उन्होंने इस क्रैश में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी. उन्होंने लिखा, ‘अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की दुखद खबर मिली, मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति और साहस प्रदान करे’.

वहीं अपने निधन से ठीक चार दिन पहले, संजय ने अपने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की थी जो अब वायरल हो रही है. इसमें उन्होंने लिखा था, ‘ पृथ्वी पर आपका समय लिमिटेड है. ‘क्या होगा’ को दार्शनिकों पर छोड़ दें और इसके बजाय ‘क्यों नहीं’ में डूब जाएं’. इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, ‘आपकी प्रोग्रेस आपके बोल्ड डिसीजन पर निर्भर करती है ना कि परफेक्ट सिचुएशन पर’.