कन्नड़-तमिल विवाद पर कमल हासन ने माफीनामा से किया इनकार, शिवा राजकुमार का आया ये बयान

तमिल सुपरस्टार कमल हासन की कन्नड़-तमिल टिप्पणी ने तूल पकड़ा है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर नेटिजेंस उनकी आगामी फिल्म ठग लाइफ को बैन करने की मांग करने लगे. कई लोगों ने तो एक्टर को माफी भी मांगने की बात कही है. मामले को बढ़ते हुए बीते बुधवार 28 मई को कमल हासन ने अपनी फिल्म के प्रमोशनल इवेंट में अपने दिए गए बयान के बारे में खुलकर बात की है और माफी न मांगने का संकेत दिया.वहीं, कन्नड़ स्टार शिवा राजकुमार ने भी अपनी राय साझा की है.

‘ठग लाइफ’ 5 जून को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है. हाल ही में चेन्नई में फिल्म का ऑडियो लॉन्च किया गया. इस दौरान कमल हासन ने सभी संबोधित करते हुए कहा कि कन्नड़ तमिल से पैदा हुआ है. उनका ये बयान बुधवार को कर्नाटक में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद उनसे माफी मांगने की मांग की गई. साथ ही, उनकी आगामी फिल्म ‘ठग लाइफ’ को बैन करने की भी मांग की. लेकिन कमल हासन ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिया कि वह पीछे नहीं हटेंगे और कहा कि प्यार कभी माफी नहीं मांगता.

कमल हासन ने दावा किया कि उन्होंने जो बोला वो प्यार से बोला था और प्यार कभी माफी नहीं मांगता. तिरुवनंतपुरम के मीडिया से बात करते हुए कमल हासन ने कहा कि जिन लोगों ने उनके बयानों पर विवाद खड़ा किया, वे मुद्दे को उलझा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘मैंने जो कहा, वह प्यार से कहा. और बहुत से इतिहासकारों ने मुझे इतिहास की भाषा सिखाई है और मेरा ऐसा कोई भी मतलब नहीं था.’

कमल हासन ने कहा, ‘हम एक परिवार हैं और भाषाएं भी एक परिवार हैं. हर चीज के दो पहलू होते हैं. एक एक तरफ से देखें तो उनके अनुसार वे जो कहते हैं वहीं सही होता है, लेकिन यदि आप इसे दूसरे तरफ से देखें तो मैं जो कहता हूं वह सही है. फिर इसका तीसरा पहलू भी है और वह यह है कि मैंने कहा कि मैंने कहा कि विद्वान और भाषा विशेषज्ञ, वे कहेंगे कि दोनों सही हैं, लेकिन उन्हें तय करना होगा कि वे दोनों पहलूओं के किस तरफ रहना चाहते हैं.’ हासन ने कहा, ‘अब यह आप पर निर्भर है. यह एक लोकतांत्रिक देश है. यह कोई जवाब नहीं है,बस एक सफाई है. प्यार कभी माफी नहीं मांगेगा.

सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कहा कि हासन को कन्नड़ की महानता का पता नहीं है, वहीं भाजपा ने एक्टर से माफी की मांग की और कहा कि उन्होंने कन्नड़ भाषा का ‘अपमान’ किया है. एक्टर के बयान की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वे राज्य के लोगों से माफी मांगें. उन्होंने यहां तक ​​धमकी दी कि अगर वे माफी नहीं मांगते हैं तो वे राज्य में उनकी फिल्म ‘ठग लाइफ’ की स्क्रीनिंग में रोड़ा बनेंगे.

कन्नड़ समर्थक समूहों ने कमल हासन के बयान के लिए उनके खिलाफ आवाज उठाई और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जबकि एक फिल्म एसोसिएशन एक्टर पर उनकी आगामी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के रिलीज से पहले बैन करने पर चर्चा करने के लिए तैयार है. इस फिल्म का निर्देशन दिग्गज फिल्म निर्माता मणिरत्नम ने किया है.

कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एम. नरसिम्हालु ने जानकारी दी थी कि एक्टर कमल हासन पर संभावित प्रतिबंध लगाने पर चर्चा के लिए गुरुवार (आज) को कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सभी नेताओं के साथ एक बैठक बुलाई गई है.