IPL 2026: KKR फैंस के लिए आई बड़ी खुशखबरी, अभिषेक नायर बने टीम के हेड कोच

आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अभिषेक नायर को अपना हेड कोच नियुक्त कर दिया है. केकेआर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट कर नायर को टीम का हेड कोच बनाए जाने की पुष्टि की है.

अभिषेक नायर ने आज यानी गुरुवार को केकेआर के साथ हेड कोच की भूमिका के लिए सभी जरूरी पेपरवर्क पूरा किया. इसके बाद आज शाम को कोलकाता ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नायर को कोच नियुक्त कर दिया. नायर रोहित शर्मा, केएल राहुल रिंकू सिंह, दिनेश कार्तिक, वरुण चक्रवर्ती और अंगकृष रघुवंशी जैसे खिलाड़ियों को बतौर कोच ट्रेनिंग दे चुके हैं.

आपको बता दें कि, नायर ने भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच के तौर पर काम किया था और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली सपोर्ट स्टाफ टीम का हिस्सा थे. वो केकेआर में चंद्रकांत पंडित की जगह लेंगे. केकेआर ने चंद्रकांत पंडित से तब अलग होने का फैसला किया जब टीम 2025 IPL प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई.

इसके साथ ही अभिषेक नायर महिला प्रीमियर लीग (WPL) में यूवी वॉरियर्स (UPW) के हेड कोच भी हैं. ये भूमिका उन्होंने जुलाई 2025 में जॉन लुईस के जाने के बाद संभाली थी. अब नायर T20 फ्रेंचाइजी लीग में दो अलग-अलग टीमों के हेड कोच के तौर पर नजर आएंगे.

नायर इंडियन क्रिकेट टीम के लिए क्रिकेट भी खेला है. उन्होंने बतौर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर 3 वनडे मैच खेले हैं. नायर ने एक मैच की एक पारी में 7 बॉल का सामना किया और कोई रन नहीं बनाया. जबकि उन्होंने एक पारी में 18 बॉल डाली हैं, जिस पर 17 रन दिए और कोई विकेट हासिल नहीं किया. वो 60 आईपीएल मैच खेल चुके हैं, जिसमें 672 रन बनाए और 9 विकेट भी चटकाए हैं.