दिल्ली में प्रचंड ठंड और घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, विजिबिलिटी बेहद कम, IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली: NCR समेत उत्तरी भारत के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी का डबल अटैक देखने को मिल रहा है. राजधानी दिल्ली और पूरा एनसीआर घने कोहरे की चादर से ढका हुआ है. खराब मौसम में वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं वाहन चालकों को गाड़ी चलाते समय ऐसे मौसम में सावधान रहने की भी जरूरत है.

मौसम विभाग के मुताबिक फॉग का ये कहर आने वाले कई दिन तक जारी रह सकता है. 21 और 22 दिसंबर को भी Dense Fog का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कल यानि 20 दिसंबर की रात तापमान और भी गिरने की संभावना है. रात का तापमान 8 डिग्री तक जा सकता है.

दिल्ली में आज सुबह कई इलाकों में पालम और सफदरजंग जैसे क्षेत्रों में 100 मीटर से भी कम विजिबिलिटी दर्ज की गई है, जिस वजह से मौसम विज्ञान विभाग ने आज शुक्रवार के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी कर दिया है. इस दौरान आज शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. इसके अलावा 21 और 22 दिसंबर के लिए भी दिल्ली वालों और पूरे एनसीआर वालों के लिए येलो अलर्ट रहेगा.

IMD की भविष्यवाणी के मुताबिक आंशिक रूप से बादल छाए रहने, कई जगहों पर मध्यम कोहरा और सुबह के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा रहने की संभावना है शाम और रात के दौरान धुंध या हल्का कोहरा हो सकता है.

IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिसंबर का दिन रिकॉर्ड किया गया, जिसमें अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है. राजधानी में सबसे कम अधिकतम तापमान रिज इलाके में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. IMD के आंकड़ों के अनुसार, इस मौसम का दूसरा सबसे कम अधिकतम (दिन का) तापमान 4 दिसंबर को 23.7 डिग्री सेल्सियस था, जबकि तीसरा सबसे कम अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस था, जो नवंबर में रिकॉर्ड किया गया था. इसकी तुलना में, पिछले साल दिसंबर में रिकॉर्ड किया गया सबसे कम अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस था.

IMD के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्षों में, दिसंबर में सबसे कम अधिकतम तापमान 31 दिसंबर, 2023 को 15.9 डिग्री सेल्सियस, 26 दिसंबर, 2022 को 15.6 डिग्री सेल्सियस और 26 दिसंबर, 2021 को 18 डिग्री सेल्सियस था. इस बीच गुरूवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज़्यादा है.

गुरुवार को घने कोहरे और विजिबिलिटी कम होने की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइंस की 27 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं जिनमें 16 डिपार्चर और 11 अराइवल थी. वहीं कई फ्लाइट लेट भी हुई. जानकारी के मुताबिक गुरूवार को INDIGO की 59 फ्लाइट्स कैंसिल की गई. गुरुवार सुबह एक पैसेंजर एडवाइजरी में DIAL ने कहा कि घने कोहरे के कारण, “फ्लाइट ऑपरेशन अभी CAT-III कंडीशन में हैं, जिससे देरी या रुकावट हो सकती है. इसके अलावा शुक्रवार को भी कई फ्लाइट्स कैंसिल हो सकती है कुछ उड़ाने पहले से ही लेट है.

केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7:30 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 387 अंक बना हुआ है. जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 352, गुरुग्राम में 362, गाजियाबाद में 378, ग्रेटर नोएडा में 355 और नोएडा में 339 अंक बना हुआ है. राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर और 400 के बीच में बना हुआ है. जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 400 से ऊपर और 500 के बीच में बना हुआ है.