भारत की घर में 14 महीने में 5वीं हार, हेड कोच गौतम के गंभीर आंकड़े कर देंगे हैरान

एक समय था जब इंडियन क्रिकेट टीम के लिए घर में टेस्ट मैच हराना नामुमकिन था. टॉप टीमें भी इंडिया को टेस्ट मैच में नहीं हरा पाती थीं. न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी टॉप टीमों को कई बार इंडिया में टेस्ट मैच हारने पड़े. हालांकि, अब ऐसा लगता है कि इंडिया का घर में दबदबा खत्म हो गया है.

इंडिया 2012 से घर में एक भी टेस्ट सीरीज नहीं हारा था, लेकिन पिछले साल 2024 में न्यूजीलैंड ने इंडिया में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 3-0 से जीतकर इतिहास रचा था. उसके बाद 2025 में भी इंडिया अपने घर में दो मैचों की टेस्ट सीरीज साउथ अफ्रीका से 2-0 से हार गया. इस वजह से अब टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पर सवाल उठ रहे हैं.

राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने 9 जुलाई, 2024 को गौतम गंभीर को इंडियन क्रिकेट टीम का हेड कोच बनाया. गंभीर ने 27 जुलाई, 2024 को अपना चार्ज भी संभाल लिया. तबसे टीम इंडिया का वनडे और टी20 में जितना शानदार प्रदर्शन रहा उतना ही बुरा प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में रहा. आइए अब हम तीनों फॉर्मेट में गौतम गंभीर के अंडर टीम इंडिया की परफॉर्मेंस पर एक नजर डालते हैं.

टीम इंडिया का अपने घर में टेस्ट हारने का यह सिलसिला गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद शुरू हुआ. गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से भारत ने घर पर कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 5 हारे हैं. घर पर जीते गए चार टेस्ट वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ हैं. कुल मिलाकर टीम इंडिया ने गंभीर के अंडर अब तक कुल 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 10 हारे और 7 जीते हैं. जिससे उनकी जीत का प्रतिशत केवल 36.84 प्रतिशत है. इस दौरान भारत ने कुल 6 टेस्ट सीरीज खेली जिसमें से वो 3 सीरीज हार गया, जबकि इस तीन मे से उस दो में अपने घर पर ही हार का सामना करना पड़ा.

  • भारत 36 साल में पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में कोई टेस्ट मैच हारा.
  • भारत अपने घर में टेस्ट मैचों की एक पारी में पहली बार 50 से ज्यादा रन नहीं बना पाया. न्यूजीलैंड ने पहली पारी में भारत को सिर्फ 46 रन पर आउट कर दिया था.
  • न्यूजीलैंड ने इतिहास में पहली बार भारत को 3-0 से टेस्ट सीरीज हराया.
  • न्यूजीलैंड से सीरीज हार दिसंबर 2012 के बाद से भारत की घर में एकमात्र टेस्ट सीरीज हार थी.
  • साउथ अफ्रीका ने 15 साल में भारत में पहला टेस्ट जीता, और 25 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज अपने नाम करने में भी सफल रहा.