मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट से विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत बाहर हो गए हैं. उनको मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट के दौरान दाहिने पैर में चोट लग गई थी. बीसीसीआई ने रविवार देर रात इसकी पुष्टि की और उनकी जगह तमिलनाडु के विकेटकीपर-बल्लेबाज नारायण जगदीशन को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है.
घरेलू क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले जगदीशन, ध्रुव जुरेल के बैकअप के रूप में काम कर सकते हैं, जिनके निर्णायक टेस्ट में मुख्य विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद है. 29 वर्षीय जगदीशन को रविवार सुबह वीजा मिल गया है और वह मंगलवार तक लंदन में टीम से जुड़ जाएंगे.
इसके बाद क्रिकेट फैंस के मन में सवाल पैदा हो रहा है कि ये जगदीशन कौन है (Who is Narayan Jagadeesan). एन जगदीसन तमिलनाडु के ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं जो लगातार दो घरेलू सीजन में रन बनाने की सूची में शीर्ष पर रहे हैं. 2023-24 की रणजी ट्रॉफी में, उन्होंने 13 पारियों में 74.18 की औसत से 816 रन बनाए. इसके बाद उन्होंने 2024-25 में 13 पारियों में 56.16 की औसत से 674 रन बनाए. इसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं.
जगदीशन ने 2016 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया. उनका औसत 47.50 है और उन्होंने 79 पारियों में 10 शतकों और 14 अर्धशतकों की मदद से 3373 प्रथम श्रेणी रन बनाए हैं, और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 321 रन है.
