पहले टेस्ट मैच में आज भारत और इंग्लैंड आमने-सामने, पिच रिपोर्ट के साथ जानें दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड्स

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच आज, शुक्रवार 20 जून से हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम, लीड्स में खेला जाएगा. आज से शुरू हो रही इस टेस्ट सीरीज से दोनों टीमों के लिए आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र की भी शुरुआत होगी. ऐसे में दोनों टीमें जीत के साथ आगाज करना चाहेंगी.

भारतीय क्रिकेट में आज से नए कप्तान शुभमन गिल के युग की शुरुआत भी होगी. इंग्लैंड दौरे से पहले रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था. इसके बाद बीसीसीआई ने 25 वर्षीय गिल को टीम इंडिया का नया टेस्ट कप्तान बनाया. अब युवा गिल के सामने 18 साल बाद इंग्लैंड में भारत को टेस्ट सीरीज जीताने की चुनौती होगा.

विराट कोहली, रोहित शर्मा और आर. अश्विन के टेस्ट से संन्यास के बाद यह टीम इंडिया की पहली टेस्ट सीरीज है. इन तीनों दिग्गजों की कमी जरूर खलेगी, लेकिन युवा खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका मिलेगा. दोनों टीमें मजबूत हैं, ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है.

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट में हेड रिकॉर्ड्स की बात करें तो, दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 136 मैच खेले गए हैं. इस दौरान से इंग्लैंड ने 51 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि भारत ने 35 मुकाबलों में जीत हासिल की है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 50 टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं. दोनों के बीच पहला टेस्ट मैच 25 से 28 जून 1932 के बीच खेला गया था, जिससे भारतीय टेस्ट इतिहास की शुरुआत हुई. आखिरी बार इन दोनों टीमों का आमना-सामना मार्च 2024 में हुआ था.

हेडिंग्ले स्टेडियम को दुनिया के सबसे बेहतरीन टेस्ट क्रिकेट मैदानों में से एक माना जाता है. यह पिच आम तौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है. लेकिन, आखिरी दिनों में स्पिनरों को इस सतह से काफी मदद मिलती है और गेंद काफी स्पिन करती है. शुरुआती दिनों में पिच पर तेज गेंदबाज भी खतरनाक साबित होते हैं.

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रेडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर.
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा.