IND vs PAK: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें पहली बार भिड़ने के लिए तैयार हैं. हालांकि ये मैच न तो भारत में खेला जाएगा और न हीं पाकिस्तान में बल्कि इंग्लैंड के प्रतिष्ठित ग्राउंड एजबेस्टन में खेला जाएगा, जहां भारत ने हाल ही में इंग्लैंड को पहली बार टेस्ट में 336 रनों से मात देकर इतिहास रचा था.

दरअसल वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का दूसरा सीजन 18 जुलाई 2025 से शुरू हो गया है. जिसका पहला मैच इंग्लैंड चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच खेला गया. जिसमें पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 5 रनों से मात देकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की. पाकिस्तान चैंपियंस ने 20 ओवर में कप्तान मोहम्मद हफीज की 34 गेंद पर 54 रनों की पारी की बदौलत 9 विकेट खोकर 160 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड चैंपियंस यान बेल के 51 और फिल मस्टर्ड के 58 रनों के बावजूद 20 ओवर में 3 विकेट पर 155 रन ही बना सका.

19 जुलाई को दो मैच खेले जाएंगे पहला वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच जबकि दूसरा इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा. पहला मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 5 बजे से शुरू होगा जबकि दूसरा मैच रात 9 बजे से खेला जाएगा.

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का सबसे मजेदार और जोरदार मैच 20 जुलाई को खेला जाएगा. जो भारत और पाकिस्तान के बीच होगा. ऑपरेशन सिंदूर के बाद ये पहला मौका होगा जब भारत और पाकिस्तान आमने सामने होंगे. बता दें कि हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच तनाव अपने चरम पर रहा है. क्योंकि भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों पर ऑपरेशन सिंदूर नाम के तहत बड़ा हमला करके जवाबी कार्रवाई की थी.

WCL 2025 का सबसे बड़ा मैच रविवार 20 जुलाई को भारतीय समय के अनुसार रात 9 बजे से खेला जाएगा. ये मैच इंग्लैंड के प्रतिष्ठित क्रिकेट ग्राउंड एजबेस्टन में खेला जाएगा.