भारत और इंग्लैंड चौथे टेस्ट में आज यानी 23 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में आमने सामने होंगे. ये मैच जीतना टीम इंडिया के लिए बहुत अहम है, क्योंकि वो पांच मैचों की सीरीज में पहले ही 1-2 से पीछे है. अगर भारत ये मैच हार जाता है तो सीरीज भी गंवा देगा और अगर जीत जाता है तो फिर सीरीज दो-दो से बराबरी पर खड़ी हो जाएगी. जिसके बाद पांचवां और आखिरी मैच सीरीज डिसाइडर मैच बन जाएगा.
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं. जिसमें टीम इंडिया को 4 टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 5 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं. इस मैदान पर भारत को अब तक एक भी मैच में जीत नहीं मिली है.
लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद और मैनचेस्टर टेस्ट से पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान कई भारतीय खिलाड़ी चोटिल हो गए. जिसकी वजह से इस टेस्ट मैच में भारत की प्लेइंग-11 में कई बदलाव देखने को मिलेंगे. आकाशदीप और अर्शदीप चोट के कारण चौथे टेस्ट से बाहर हो गए है जबकि ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए है. भारतीय टीम के लिए राहत की बात ये है कि उपकप्तान ऋषभ पंत चोट से उबर गए हैं.
खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को स्क्वाड में शामिल किया गया है. ज्यादा संभावना है कि वो जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में प्लेइंग-11 में अपनी जगह बना सकते हैं क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरू को दो मैचों में कोई खास प्रभाव नहीं डाल सके. गौरतलब है कि कंबोज ने पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी की एक पारी में सभी दस विकेट चटकाए थे. इसके अलावा चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह तेज गेंदबाज ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को मौका दिया जा सकता है.
बल्लेबाजी क्रम में यशस्वी जायसवाल लगातार प्रभावित कर रहे हैं, केएल राहुल फिर से ओपनिंग कर रहे हैं, और फॉर्म में चल रहे गिल चौथे नंबर पर नेतृत्व कर रहे हैं. हालांकि, सभी की निगाहें ऋषभ पंत पर होंगी, चोट के बाद वो खेलने के लिए तैयार है और वो 5वें नंबर पर बल्लेबाजी और विकेट कीपिंग भी करेंगे. इस के अलावा रवींद्र जडेजा भी मैच में बल्ले और गेंद से अहम भूमिका में नजर आएंगे.
