भारत ने लंदन के ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड को 6 रनों से हरा दिया है. इसके साथ ही पांच मैचों की ये सीरीज 2-2 से बराबर हो गई. 374 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम दूसरी पारी में 367 रनों पर ऑलआउट हो गई. मोहम्मद सिराज ने 5 जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई. इसके अलावा सिराज सीरीज में सबसे ज्यादा (23) विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं.
इस शानदार जीत के साथ कप्तान शुभमन गिल ने भी इतिहास रच दिया है. वो लंदन के ओवल ग्राउंड पर टेस्ट मैच जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं. इससे पहले यहां पर 2021 विराट कोहली और 1971 में अजीत वाडेकर ने मैच जीता था.
ओवल टेस्ट के पांचवें दिन भारत को जीत के लिए 4 विकेट की जरूरत थी जबकि इंग्लैंड को 35 रनों की जरुरत थी. मैच शुरू होते ही भारत ने 29 रन देकर 4 विकेट निकाल लिए. मैच के हीरो रहे सिराज ने चार में से तीन विकेट झटके जबकि एक विकेट कृष्णा को मिला. पूरे मैच में सिराज ने कुल 9 विकेट लेने में सफल रहे. उन्होंने पहली पारी में भी चार विकेट झटके थे. जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने भी मैच 8 विकेट लेकर भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभाई.
वहीं दूसरी और इंग्लैंड की तरफ से हैरी ब्रूक और जो रूट ने शतकीय पारी खेली और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की. ब्रूक ने 111 और रूट ने 105 रनों का पारी खेली. जहां से ऐसा लग रहा था की भारत से ये मैच बहुत दूर चला गया है. लेकिन मैच के चौथे दिन के आखिरी सेशन में जब भारत ने पलटवार किया तो फिर इंग्लैंड की जीत हार में बदल गई.
