‘साइबर जागरूकता माह अक्टूबर 2025’ का उद्घाटन शुक्रवार, 3 अक्टूबर को पुलिस महानिदेशक (डीजी) कार्यालय में हुआ. यह कार्यक्रम साइबर अपराध के बढ़ते खतरों के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार, एक्ट्रेस रानी मुखर्जी शामिल हुई थी.
कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली क्षण तब आया जब अक्षय कुमार ने अपनी 13 साल की बेटी नितारा से जुड़ी एक परेशान करने वाली सच्ची घटना साझा की. इस अनुभव को साझा करते हुए अक्षय कुमार ने बताया कि कैसे कुछ महीने पहले ऑनलाइन वीडियो गेम खेलते समय उनकी बेटी का सामना एक अनजान व्यक्ति से हुआ, जिसने शुरुआत में उसे दोस्ताना मैसेज भेजे और उसने उससे अपनी तस्वीरें भेजने को कहा.
अक्षय ने कहा, ‘मैं आप सभी को एक छोटी सी घटना बताना चाहता हूं, जो कुछ महीने पहले मेरे घर पर घटी थी. मेरी बेटी वीडियो गेम खेल रही थी, और कुछ वीडियो गेम ऐसे होते हैं जिन्हें आप किसी के साथ खेल सकते हैं. आप एक अनजान अजनबी के साथ भी खेल सकते हैं.’
खिलाड़ी कुमार ने इसके बारे में खुलासा करते हुए कहा, जब आप खेल रहे होते हैं, तो कभी-कभी वहां से एक मैसेज आता है. फिर एक मैसेज आया, “क्या तुम मेल हो या फीमेल?” तो उसने (अक्षय की बेटी) जवाब दिया “फीमेल”. और फिर उसने एक मैसेज भेजा. क्या तुम मुझे अपनी न्यूड पिक्चर भेज सकते हैं? वो मेरी बेटी थी. उसने सब कुछ बंद कर दिया और जाकर मेरी पत्नी को बताया. बस ऐसे ही शुरू होता है. ये भी साइबर क्राइम का एक हिस्सा है.’
अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र के सीएम से अनुरोध करते हुए कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करूंगा कि हमारे महाराष्ट्र राज्य में, सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा में हर हफ्ते एक पीरियड “साइबर पीरियड” होना चाहिए जहां बच्चों को इसके बारे में समझाया जाए. आप सभी जानते हैं कि ये अपराध सड़क पर होने वाले अपराधों से भी बड़ा होता जा रहा है. इस अपराध को रोकना बहुत जरूरी है.’
महीने भर चलने वाली इस पहल का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर बच्चों, अभिभावकों और स्कूलों को ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल जिम्मेदारी और साइबर अपराधों से खुद को बचाने के तरीकों के बारे में शिक्षित करना है.
