‘हाउसफुल 5’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 1: अक्षय कुमार की 2025 की सबसे बड़ी ओपनर बनी कॉमेडी थ्रिलर

बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की कॉमेडी एंटरटेनर ‘हाउसफुल 5’ आज, 6 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है. दर्शकों को इसका बेसब्री से इंतजार रहा. फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से भरपूर प्यार मिला है. तरुण मनसुखानी निर्देशित यह फिल्म इस फ्रैंचाइज की सबसे महंगी फिल्म है. बॉक्स ऑफिस पर इससे काफी उम्मीदें हैं.

‘हाउसफुल 5’ ने इस साल बॉलीवुड की सबसे बड़ी कमाई की है, पहले दिन इसकी लगभग 2.50 लाख टिकटें बिकीं, जिसकी कुल कमाई लगभग 8 करोड़ (ब्लॉक सीट के बिना) रही. जबकि ब्लॉक सीट के साथ इसने 13.94 करोड़ रुपये कमा लिए थे. हालांकि, फ्रैंचाइजी वैल्यू और बड़ी स्टार कास्ट को देखते हुए प्री-सेल्स उतनी बड़ी नहीं रही, जितनी उम्मीद की जा रही थी.

‘हाउसफुल 5’ एक कॉमेडी थ्रिलर है जिसमें एक अरबपति और तीन धोखेबाजों की हत्या की गुत्थी की कहानी है जो उसकी संपत्ति पर कब्जा कर लेते हैं. इस फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख के साथ सोनम बाजवा, जैकलीन फर्नांडीज, अभिषेक बच्चन जैसे कई दिग्गज सितारे शामिल हैं. फिल्म ने अपने रोमांचक ट्रेलर और गानों की वजह से पहले ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है.

अक्षय अभिनीत इस फिल्म ने 8.02 करोड़ रुपये का एडवांस बुकिंग कलेक्शन दर्ज किया है और यह छावा (13.79 करोड़ रुपये) और सिकंदर (10.09 करोड़ रुपये) के बाद 2025 की तीसरी सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग है.

‘हाउसफुल 5’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है. सैकनिल्क के मुताबिक, अक्षय कुमार, रितेश देशमुख की कॉमेडी थ्रिलर ने 6 जून शाम 8 बजे तक 18.55 करोड़ रुपये की कमाई की है. दिन खत्म होने तक इसकी संख्या में इजाफा देखने को मिल सकता है. उम्मीद की जा रही है कि पहले दिन फिल्म 22 से 25 करोड़ रुपये कमा सकती है.